जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन, खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर जताया विरोध
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की ओर से समस्त वस्तुओं, विशेषकर खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा गया। समिति की महिलाओं ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताते हुए आम जनता को राहत दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। महंगाई के कारण लोगों की थाली से पोषक तत्व लगातार कम होते जा रहे हैं। इस वर्ष सब्जियों सहित अन्य आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए दाल खरीदना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दाल प्रोटीन का प्रमुख एवं आवश्यक स्रोत है।
समिति की महिलाओं ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाना आवश्यक है, ताकि आम परिवारों को पर्याप्त एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजेन्द्री, प्रेषक किरन सिंह, पुष्पा, उषा, आशा, कुन्ती, उमा, रामपती, ममता, मेहरबानो आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

