मृत बच्चों को दी श्रद्धांजलि, मलबे में दबे बच्चों को जल्द निकालने के लिए प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की अपील
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। दिल्ली के सत्य निकेतन स्थित पीजी में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर आगरा मंडल व्यापार संगठन ने एक शोक सभा आयोजित कर घटना में मृत बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बैठक में संगठन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि मलबे में अभी भी किसी के दबे होने की आशंका है तो राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जाना चाहिए। संगठन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि आवश्यक कदम उठाकर बचाव कार्य को और तेज कराया जाए, ताकि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके और हर संभव जीवन बचाया जा सके।
आगरा मंडल व्यापार संगठन ने मांग की कि देशभर में संचालित पीजी और हॉस्टलों, विशेषकर अनधिकृत अथवा नियमों के विपरीत बनी इमारतों का व्यापक सत्यापन कराया जाए। संगठन ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि ऐसी इमारतें सरकारी नियमों, भवन सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के अनुरूप संचालित हो रही हैं या नहीं।
संगठन ने मांग की कि केवल आर्थिक लाभ के लिए विद्यार्थियों और युवाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता करने वाले संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों को किसी पीजी या हॉस्टल में रखने से पहले भवन की वैधता, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सरकारी अनुमतियों की स्वयं जांच-पड़ताल अवश्य करें।
शोक सभा में आगरा मंडल व्यापार संगठन के गिरीश गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, रिंकू अग्रवाल, प्रदीप लूथरा, नीतू अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल एवं अंकित पाठक सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

