हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री छत्रपति शिवाजी महाराज गणेश ट्रस्ट की ओर से मिलन वाटिका,आगरा में आयोजित 10 दिवसीय श्री गणेश उत्सव का समापन अनन्त चतुर्दशी के अवसर पर श्री गणेश प्रतिमा के विसर्जन के साथ हुआ। उत्सव के दौरान प्रतिदिन आरती और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। प्रातः से ही श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
श्री छत्रपति शिवाजी महाराज गणेश ट्रस्ट द्वारा आगरा में पहली बार वर्ष 2008 में गणेश उत्सव का आयोजन किया गया था। इस वर्ष आयोजित उत्सव में सर्राफा कमेटी एवं शाह कॉम्प्लेक्स से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष सुभाष पांडुरंग वलेकर ने बताया कि मिलन वाटिका में 10 दिनों तक गणेश उत्सव का आयोजन किया गया,जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने आरती एवं महाप्रसाद में भाग लिया। अनन्त चतुर्दशी के दिन गणेश प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा मदन गेट से फुलट्टी, सेव का बाजार, किनारी बाजार और दरेसी होते हुए यमुना के हाथी घाट पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री सुभाष पांडुरंग वलेकर ‘चेतक वाले’ एवं कमेटी के महासचिव सर्जेराव जयवंत देशमुख ने बताया कि गणेश उत्सव के माध्यम से भाईचारा, सर्वधर्म सद्भाव और सशक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्सव का उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर श्री लालासो रामचन्द्र महिंद, श्री काशीनाथ मुळीक सहित समस्त गलाई वाले एवं कमेटी से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी




