"बलरामपुर अस्पताल" में धूमधाम से मनाया गया ‘विश्व फार्मेसी दिवस’

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रमुख राजकीय चिकित्सालय बलरामपुर चिकित्सालय में ‘विश्व फार्मेसी दिवस’ उत्साह, गरिमा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल के अधिकारियों, चिकित्सकों और फार्मासिस्टों ने फार्मासिस्टों की भूमिका और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनके योगदान को रेखांकित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अस्पताल के निदेशक डॉ. बी.के.एस. चौहान ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की मजबूत नींव हैं और चिकित्सक तथा मरीज के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बलरामपुर अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में उन्हें सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के साथ सही खुराक की जानकारी देना फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने फार्मासिस्टों को विश्व फार्मेसी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दवाओं का सही एवं सुरक्षित उपयोग चिकित्सा व्यवस्था का अत्यंत संवेदनशील पक्ष है। मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संकट और आपदा के समय भी फार्मासिस्टों ने अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी सेवाएं दी हैं।

अधीक्षक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने कहा कि अस्पताल की दैनिक स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन में फार्मासिस्ट संवर्ग का योगदान महत्वपूर्ण है। सटीक दवा प्रबंधन और मरीजों की देखरेख में फार्मासिस्ट निरंतर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में जे.के. सचान, प्रभारी अधिकारी फार्मेसी एवं प्रदेश अध्यक्ष, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (DPRA), प्रद्युम्न सिंह, महामंत्री DPRA,मनमोहन मिश्रा, चीफ फार्मासिस्ट, सी.पी. चौधरी, चीफ फार्मासिस्ट, सुभाष श्रीवास्तव, चीफ फार्मासिस्ट, श्रवण सचान, फार्मासिस्ट, के.के. सिंह, फार्मासिस्ट, प्रभाकर त्रिपाठी, फार्मासिस्ट, एस.एम. त्रिपाठी, चीफ फार्मासिस्ट, ज्ञानेंद्र सिंह, डी.एस. त्यागी, चीफ फार्मासिस्ट तथा अनिल श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं फार्मासिस्ट मौजूद रहे।

इस अवसर पर राजीव कुमार, प्रदेश प्रवक्ता-डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (DPRA), पूर्व सदस्य-फार्मेसी काउंसिल, जिला अध्यक्ष-DPRA एवं मुख्य फार्मासिस्ट, बलरामपुर चिकित्सालय भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं फार्मासिस्टों ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं मरीज-अनुकूल बनाने का संकल्प दोहराया। अस्पताल के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने फार्मासिस्ट संवर्ग का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की।