अग्रसेन जयंती पर 118 यूनिट रक्तदान, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में अग्र मिलन समिति की ओर से कमला नगर स्थित लोकहितम ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम दास खंडेलवाल, कामता प्रसाद अग्रवाल, राकेश गर्ग एवं पार्षद कंचन बंसल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
समिति के अध्यक्ष पवन बंसल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, दुर्घटना में घायल लोगों तथा अन्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना है।
महामंत्री संजय अग्रवाल तोता भाई एवं कोषाध्यक्ष विजय अग्रवाल ने बताया कि शिविर में कुल 118 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान हुआ। युवाओं के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के दौरान नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महादानों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अरुण मित्तल, उमेश सिंघल, सुमित गर्ग, हरीश अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, दिनेश मंगल, संचित अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, शिल्पी, अंजलि, संगीता, कविता, अनिता अग्रवाल, ममता, गुनगुन, शिवानी आदि मौजूद रहे।


