महिलाओं को कैंसर,गर्भावस्था और कुपोषण से बचाव के प्रति किया जागरूक
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सेवा भारती पश्चिम महानगर आगरा,ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में सुपोषित भारत अभियान के अंतर्गत शास्त्री नगर में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से सेवा केंद्र की महिलाओं के मध्य स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्ती की महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
शास्त्री नगर की बस्ती में करीब 150 परिवार झोपड़ियों में निवास करते हैं। यहां अभाव और अशिक्षा के साथ-साथ अनेक महिलाएं एवं बच्चे कुपोषण से प्रभावित हैं। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
एसएन मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.वरुण कुमार अग्रवाल ने महिलाओं को कैंसर से बचाव के उपाय बताते हुए तंबाकू का सेवन नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कैंसर की बीमारी से घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रारंभिक अवस्था में बीमारी का पता चलने पर उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है। उन्होंने कहा कि एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कैंसर के उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा सेवा भारती के कार्यकर्ता भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर हैं।
आगरा की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.सुमन गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं की समस्याओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों में होने वाले विभिन्न रोगों की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में समझाया।
वृंदावन से पधारे सुपोषित भारत अभियान,सेवा भारती के प्रांतीय आयाम प्रमुख डॉ.आर.डी.शर्मा ने कहा कि सेवा भारती द्वारा गर्भवती माताओं,किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कुपोषण से मुक्ति के लिए देशभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जनजागरण किया जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आगरा विभाग के सह कार्यवाह श्री भारत भूषण जी ने कहा कि बस्तियों में सेवा भारती के कार्यकर्ता शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक विषयों को लेकर सेवा केंद्रों का संचालन कर रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक विभिन्न सेवाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पश्चिम महानगर सेवा भारती के अध्यक्ष श्री किशन प्रसाद बंसल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन महानगर मंत्री श्री स्वामी प्रसाद तिवारी ने किया।कार्यक्रम में सुपोषित भारत अभियान के प्रांतीय सह आयाम प्रमुख श्री नागेंद्र सिंह गहलोत एवं पूर्व पार्षद श्रीमती मंजू वार्ष्णेय मंचासीन रहीं।
इस अवसर पर सेवा भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र वार्ष्णेय, महानगर प्रभारी श्री किशोरी लाल लोधा, संगठन मंत्री श्री सुनील कुमार, विभाग अध्यक्ष श्री जगमोहन गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष श्री सुमित रमन, सह मंत्री श्री उमेश सिंघल,कोषाध्यक्ष श्री दयाशंकर तिवारी एवं शास्त्री नगर के सेवा प्रमुख श्री अरुण जी यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शामिल सभी माताओं, बहनों एवं बच्चों को पौष्टिक आहार एवं फल वितरित किए गए।







