गणपति पूजन और रजत मुकुट पूजन के साथ हुआ श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ
अनंत चतुर्दशी पर बारहद्वारी में गूंजे वेद मंत्र, शंखध्वनि और जय श्रीराम के जयकारे
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को रावतपाड़ा स्थित लाला चन्नोमल की ऐतिहासिक बारहद्वारी में गणपति पूजन और रजत मुकुट पूजन के साथ आगरा की करीब 150 वर्ष पुरानी श्रीरामलीला परंपरा का विधिवत शुभारंभ हुआ। श्रीरामलीला कमेटी की ओर से आयोजित मुकुट पूजन में वेद मंत्रों, शंखध्वनि और आरती से बारहद्वारी का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वेद प्रकाश प्रवेता, श्रीपति पंडित चिरंजीवी और पंडित श्याम ने वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इस दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता, हनुमान और गणेशजी के स्वरूपों के रजत मुकुटों का विधिवत पूजन किया गया। भगवान गणेश का आह्वान कर श्रीरामलीला महोत्सव के निर्विघ्न आयोजन की कामना की गई।
ऐतिहासिक कोठार में सुरक्षित रखे रजत मुकुटों को विधिवत बाहर निकालकर चंदन और पुष्प अर्पित किए गए। मुकुट पूजन के साथ ही वर्षों पुरानी रामभक्ति और सांस्कृतिक परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी। इसी के साथ बारहद्वारी में श्रीरामचरितमानस का पाठ भी शुरू हो गया, जो पूरे रामलीला महोत्सव के दौरान प्रतिदिन होगा। मानस का मास पारायण बृजेश पंडित द्वारा किया जाएगा।
पितृ पक्ष से पहले होती है परंपरागत शुरुआत
श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि मुकुट पूजन आगरा की ऐतिहासिक श्रीरामलीला का महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है। यह पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, मर्यादा और संस्कारों को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। गणपति पूजन के साथ श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियां विधिवत गति पकड़ती हैं।
उन्होंने बताया कि अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ किया जाता है, क्योंकि इसके अगले दिन से पितृ पक्ष प्रारंभ हो जाता है और इस अवधि में शुभ कार्य नहीं किए जाते। अनंत चतुर्दशी से ही श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता जानकी और हनुमानजी की भूमिका निभाने वाले पात्रों का चयन एवं स्वरूप-वरण शुरू हो जाता है।
इस वर्ष श्रीराम का स्वरूप शोभित कुमार, माता जानकी का अभिषेक चतुर्वेदी, लक्ष्मण का गोपाल चतुर्वेदी, भरत का कृष्णम, शत्रुघ्न का उद्धव और हनुमानजी का स्वरूप आनंद चतुर्वेदी निभाएंगे।
इस वर्ष रामलीला का मंचन मथुरा के कृष्ण लीला संस्थान के संचालक नीरज चतुर्वेदी के नेतृत्व में किया जाएगा। श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी की आरती के साथ मुकुट पूजन संपन्न हुआ।
शनिवार को निकलेगी मनःकामेश्वर नाथ महाराज की मुकुट सवारी
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि मुकुट पूजन के बाद शनिवार को शाम चार बजे श्रीमनःकामेश्वर नाथ महाराज की मुकुट सवारी निकाली जाएगी। सवारी टीला कालीबाड़ी स्थित चित्रा टॉकीज से शुरू होकर राजेंद्र मार्केट, गुड़ की मंडी, फुलट्टी बाजार, सेव बाजार, किनारी बाजार, छत्ता बाजार और रावतपाड़ा होते हुए श्रीमनःकामेश्वर नाथ मंदिर पहुंचेगी।
सवारी में विभिन्न संगठन और अखाड़े परंपरागत डंडों तथा अखाड़ा प्रदर्शन के साथ शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 29 सितंबर को रावण की दुहाई नगर भ्रमण के लिए निकलेगी। इसमें रावण अपने भाई-पुत्रों के साथ नगर में अपने सम्राट होने की दुहाई देगा। ऋषि-मुनियों और देवताओं को कष्ट पहुंचाने, कर वसूलने और अत्याचार करने की घटनाओं को विभिन्न झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
रजत मुकुटों में सुरक्षित है डेढ़ शताब्दी की विरासत
पंडित वेद प्रकाश ने मुकुट पूजन का महत्व बताते हुए कहा कि लाला चन्नोमल की बारहद्वारी स्थित कोठार में वर्षों से सुरक्षित रजत मुकुटों का पूजन श्रीरामलीला की परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। पूजन के बाद इन मुकुटों को आगामी श्रीराम बरात के लिए तैयार कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन मुकुटों में केवल चांदी और आभूषणों की चमक नहीं, बल्कि आगरा की डेढ़ शताब्दी से अधिक पुरानी रामभक्ति, आस्था और सांस्कृतिक विरासत भी संजोई हुई है।
30 सितंबर से आगरा किले में सजेगा रामलीला का मंच
श्रीरामलीला महोत्सव की मंचीय लीलाओं का शुभारंभ 30 सितंबर को शाम छह बजे आगरा किला स्थित रामलीला मैदान में नारद मोह एवं विश्व मोहिनी लीला से होगा। इसके बाद रामकथा के विभिन्न प्रसंग मंच पर साकार किए जाएंगे।
एक अक्टूबर को श्रीराम जन्मोत्सव, दो अक्टूबर को माता सीता जन्मोत्सव और छह अक्टूबर को भव्य श्रीराम बरात निकाली जाएगी। इसके बाद सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट क्षेत्र में तीन दिवसीय जनकपुरी महोत्सव आयोजित होगा।
मुकुट पूजन में ये रहे उपस्थित :
मुकुट पूजन कार्यक्रम में उपाध्यक्ष टीएन अग्रवाल, विजय प्रकाश गोयल, अशोक कुमार राठी, मुकेश जौहरी, विनोद जौहरी, राकेश जैन, मनोज अग्रवाल पोली भाई, संजय तिवारी, राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल सादाबाद, कोषाध्यक्ष ताराचंद्र अग्रवाल, प्रवीन स्वरूप, कॉर्डिनेटर अंजुल बंसल, आनंद मंगल, उपमंत्री मोहित अग्रवाल, अजय अग्रवाल, रामांशू शर्मा, प्रकाश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी राहुल गौतम, सहायक मंत्री प्रसून मंगल, मनोज अग्रवाल, रामाशीष शर्मा, मनोज हौजरी, अरविंद अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कोठार मंत्री लखन गर्ग, प्रचार मंत्री मनीष शर्मा, संगठन मंत्री राम राहुल शर्मा, शैलेंद्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

