पीएलबी बोनस की सीलिंग 21 हजार रुपये करने की मांग,उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी



78 दिन के बोनस के नाम पर मात्र 17,951 रुपये मिलने पर जताई नाराजगी,आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने की भी उठी मांग

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ (UMRKS) की आभासीय कार्यसमिति की बैठक जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रेल कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 प्रमुख रूप से उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) की सीलिंग बढ़ाकर 21,000 रुपये करने की मांग उठाई गई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने बोनस की सीलिंग में वृद्धि नहीं की तो उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ, भारतीय रेलवे मजदूर संघ एवं भारतीय मजदूर संघ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसका असर आगामी चुनावों पर भी पड़ सकता है।

बैठक में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश यादव, भारतीय रेलवे मजदूर संघ के अखिल भारतीय महामंत्री संतोष पटेल, अखिल भारतीय संगठन मंत्री राधा बल्लभ त्रिपाठी तथा अखिल भारतीय उपाध्यक्ष आई.पी.एस. चौहान सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक का संचालन उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री कुन्दन कुमार सिंह ने किया।

78 दिन के बोनस के नाम पर 17,951 रुपये मिलने पर जताई नाराजगी :

बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वर्तमान में सातवां वेतन आयोग लागू है और आठवें वेतन आयोग को लागू करने की मांग की जा रही है। इसके बावजूद रेल कर्मचारियों को पीएलबी बोनस का भुगतान छठे वेतन आयोग के समय निर्धारित न्यूनतम मूल वेतन की सीलिंग के आधार पर किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि 78 दिन के बोनस के नाम पर कर्मचारियों को मात्र 17,951 रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जो मौजूदा महंगाई को देखते हुए अपर्याप्त है।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बढ़ती महंगाई के कारण कर्मचारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में बोनस की सीलिंग को बढ़ाकर 21,000 रुपये करना आवश्यक है। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन इस मुद्दे पर अपेक्षित प्रभावी पहल नहीं कर रहे हैं।

वित्त मंत्री को पत्र लिखकर की गई मांग :

बैठक में बताया गया कि भारतीय रेलवे मजदूर संघ एवं सरकारी कर्मचारी राष्ट्रीय परिसंघ की ओर से केंद्रीय वित्त मंत्री को कई पत्र भेजकर तथा वार्ता के माध्यम से पीएलबी बोनस की सीलिंग 21,000 रुपये करने की मांग उठाई गई है। कर्मचारी नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि रेल कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बोनस की सीलिंग में शीघ्र संशोधन किया जाए।

आठवें वेतन आयोग सहित अन्य समस्याएं भी उठाईं :

बैठक में आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने, कर्मचारियों को ऑनलाइन ड्यूटी पास पर आरक्षण की सुविधा नहीं मिलने तथा कर्मचारियों की कमी के कारण कार्यरत कर्मचारियों के कथित शोषण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि रेल कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें कार्यस्थल पर अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित :

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष निर्भय सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार झा एवं रुकमानन्द पाण्डेय, संयुक्त मंत्री बंशी बदन झा एवं बीना सिंह, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, कार्यसमिति सदस्य संदीप कुमार, संजीव कुमार, मनीष कुमार जायसवाल, हरिशंकर पोरवाल, अनिल कुमार शर्मा एवं रामबली यादव उपस्थित रहे।

इसके अलावा पदेन सदस्य एवं झांसी मंडल मंत्री भानु प्रताप सिंह चंदेल, आगरा मंडल मंत्री उमाशंकर भारद्वाज, प्रयागराज मंडल मंत्री आशीष मिश्रा, मुख्यालय मंडल मंत्री प्रवीण नेवलकर तथा कारखाना मंडल मंत्री संतोष कुमार ने बैठक में भाग लिया।

विशेष आमंत्रित सदस्यों में झांसी मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता, प्रयागराज मंडल अध्यक्ष सन्नी कुमार एवं आगरा मंडल अध्यक्ष हरिबल्लभ दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा बोनस की सीलिंग बढ़ाने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखने पर जोर दिया गया।