सेवा संकल्प अभियान : सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का दिया संदेश



सेवा संकल्प अभियान के तहत ईदगाह बस स्टेशन स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत 6 अक्टूबर को ईदगाह बस स्टेशन आगरा स्थित चालक प्रशिक्षण केंद्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन निगम आगरा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश अग्रवाल ने की। इस दौरान चालक-परिचालकों एवं परिवहन विभाग तथा परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग आगरा की ओर से श्री अजय कुमार गुप्ता, एआरटीओ तथा श्री जितेंद्र सिंह, आरआई उपस्थित रहे। परिवहन निगम आगरा क्षेत्र की ओर से श्री अविनाश चंद्र, सेवा प्रबंधन, श्री राजेश यादव, सक्षेप्र ताज, श्री बुद्ध प्रकाश, सक्षेप्र फोर्ट, श्री पीके श्रीवास्तव, सक्षेप्र फाउंड्री नगर, श्री विवेक कुमार, डिपो प्रभारी मथुरा, श्रीमती सीमा शिवहरे, सक्षेप्र ईदगाह, श्रीमती सारिका शर्मा, सक्षेप्र बाह, श्री दिनेश चंद, एसएसआई ईदगाह, श्री नितिन शर्मा, सीनियर फोरमैन क्षेत्रीय कार्यशाला, श्री राहुल कुमार, सीनियर फोरमैन फाउंड्री नगर तथा श्री ओपी भगौर, ओएजी ईदगाह सहित बड़ी संख्या में चालक, परिचालक एवं अन्य कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री राम चरन यादव, चालक प्रशिक्षक ने किया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने चालकों से यातायात नियमों एवं सड़क संकेतों का अनिवार्य रूप से पालन करने, निर्धारित मानक के अनुसार नियंत्रित गति में बस चलाने तथा अगले वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की अपील की। अचानक ब्रेक लगाने और अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने पर भी जोर दिया गया।

वर्षा के दौरान सड़क पर जलभराव, गड्ढों और फिसलन वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की बात कही गई। चालकों को बस को मार्ग पर ले जाने से पहले वाइपर, ब्रेक, लाइट, टायर सहित अन्य आवश्यक तकनीकी बिंदुओं की जांच करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, थकान महसूस होने पर तत्काल विश्राम लेने और किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन का संचालन नहीं करने की हिदायत दी गई। चालकों से स्वस्थ होने पर ही वाहन चलाने तथा समय-समय पर आंखों एवं स्वास्थ्य की जांच कराने का आह्वान किया गया।

परिचालकों को यात्रियों की सुरक्षित चढ़ाई और उतराई में सहयोग करने तथा बस के दरवाजे पूरी तरह बंद होने के बाद ही बस चलवाने के लिए कहा गया। स्कूल-कॉलेजों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि चालक, परिचालक और यात्रियों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय है। सभी कार्मिकों से यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा संकेतों का पालन कर सुरक्षित परिवहन व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।