जनकपुरी में माता सीता की विदाई पर छलके राजा जनक और रानी सुनैना के आंसू, भाइयों ने गोद में उठाकर बहन को पहुंचाया रथ तक
भावना एस्टेट में साकार हुआ त्रेता युग का दृश्य, मिलनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गणमान्यजनों के स्वागत ने बढ़ाई समारोह की भव्यता
हिन्दुस्तान वार्ता। धर्मेन्द्र कुमार चौधरी
आगरा। श्रीराम लीला महोत्सव-2026 के अंतर्गत भावना एस्टेट में सजी जनकपुरी में शुक्रवार को माता सीता की विदाई का भावुक दृश्य साकार हुआ। विवाह के मंगल गीतों से गूंज रही मिथिलानगरी उस समय करुण रस में डूब गई, जब जनकदुलारी सीता को विदा करने की बेला आई। राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल की आंखें नम हो गईं। बेटी को विदा करते समय उनके चेहरे पर वात्सल्य, बिछोह और उसके सुखी दांपत्य जीवन की कामना के भाव स्पष्ट दिखाई दिए। भाई शोभिक गोयल और मोहित गोयल ने अपनी बहन सीता को गोद में उठाकर सजे हुए रथ तक पहुंचाया। इस दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया।
जनकपुरी में विवाहोत्सव की खुशियों के बीच विदाई की घड़ी ने वातावरण को भावनाओं से भर दिया। परिवार की सदस्य स्मृति गोयल और रिनी गोयल सहित पूरा जनक परिवार इस पल में भावविह्वल नजर आया। ऐसा प्रतीत हो रहा था, मानो त्रेतायुग की मिथिलानगरी का दृश्य साकार हो उठा हो।
मां सुनैना ने कौशल्या को सौंपा बेटी का हाथ :
विदाई का सबसे मार्मिक क्षण उस समय आया, जब रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल ने अपनी पुत्री सीता का हाथ रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल के हाथों में सौंपा। यह दृश्य एक मां के वात्सल्य, विश्वास और बेटी के सुखी भविष्य की कामना का प्रतीक बन गया। बेटी को नए परिवार के सुपुर्द करते समय मां की आंखें नम थीं, वहीं रानी कौशल्या ने स्नेहपूर्वक इस परंपरा को निभाया।
इसके बाद राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल और राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल के बीच आत्मीय मिलनी हुई। अयोध्या और मिथिला के संबंधों को दर्शाती इस परंपरा ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। इसी क्रम में श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल से मिलनी की।
भाइयों ने बहन को गोद में उठाकर रथ तक पहुंचाया :
भाई शोभिक गोयल और मोहित गोयल ने अपनी बहन सीता को गोद में उठाकर सजे हुए रथ तक पहुंचाया तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। भाई-बहन के प्रेम और बिछोह के इस दृश्य ने हर किसी को भावुक कर दिया। इसके बाद प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों की आरती उतारी गई। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर माता जानकी के सुखी जीवन और परिवार की मंगलकामना की।
इसके बाद प्रभु श्रीराम अपने भाइयों के साथ घोड़ों पर सवार होकर विदाई यात्रा पर निकले। यात्रा होली पब्लिक स्कूल पहुंची। वहां से भावना एस्टेट होते हुए वाहनों के माध्यम से नेहरू नगर स्थित राजा जनक के निवास की ओर प्रस्थान किया गया। यहां विदाई की पारंपरिक रस्में निभाई गईं। माता जानकी ने हल्दी के थापे लगाए और पिता से विदाई ली। इस दौरान राजा जनक और रानी सुनैना के स्वरूपों ने बेटी के बिछोह के भावों को जीवंत कर दिया।
जनकनंदिनी की विदाई में हर बेटी की विदाई का भाव : राजू यादव
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय पारिवारिक परंपराओं, संस्कारों और रिश्तों की भावनात्मक अभिव्यक्ति है। माता सीता की विदाई में हर माता-पिता को अपनी बेटी की विदाई का भाव दिखाई देता है। राजा जनक और रानी सुनैना का वात्सल्य यह संदेश देता है कि बेटी को विदा करना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि उसे प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद के साथ सुखी भविष्य की ओर भेजना है।
रामलीला कमेटी के सदस्यों की हुई मिलनी :
जनकपुरी महोत्सव में श्री रामलीला कमेटी के सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान तारा चंद्र अग्रवाल, राम बारात प्रभारी प्रवीण स्वरूप बंसल, मुकेश जौहरी, रामकिशन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मनोज पोली, अंजुल बंसल, राहुल गौतम, राम अभिषेक, राहुल शर्मा और मनीष शर्मा सहित अन्य सदस्यों की जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों से मिलनी हुई। दोनों पक्षों ने पारंपरिक तरीके से एक-दूसरे का अभिवादन किया।
केंद्रीय मंत्री और गणमान्यजनों का स्वागत :
विदाई समारोह में स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा के साथ शोभिक गोयल, मोहित गोयल और रजत सिंघल ने केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, बृज क्षेत्र के संगठन मंत्री अभय गिरी, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता तथा श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का स्वागत-अभिनंदन किया।
मिल्टन पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुत की नृत्य नाटिका :
समारोह में मिल्टन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रामलीला पर आधारित मनमोहक नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को रामायण के आदर्शों, पारिवारिक संबंधों और त्याग की भावना से जोड़ दिया।
इन लोगों ने संभाली व्यवस्थाएं :
जनकपुरी महोत्सव की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के साथ संतोष कटारा, अजय अवागढ़, नरेंद्र सिंह सेंगर, अशोक गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, धर्मेश जैन, मनोज जादौन, हितेश लवानियां, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, अरविंद शर्मा, आकाश ग्वाला, पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी, सतीश ठाकुर, रोहन गुप्ता, अनुज भारद्वाज, पंकज पाठक, हेमंत जादौन, भोले चौहान, धीरज शर्मा, धीरज मंगल, अविनाश राणा और रामवली यादव सहित अन्य सदस्यों की भूमिका रही।
महिला समिति की ओर से अमृता पोरवाल, शिखा, रुचि, सीमा, शीतल, शालिनी, सिमी, शुचि, वंदना, संगीता, मीना, मिशी, दीप्ति, ऋतु, प्रियंका ठाकुर, शीतल, एकता, ज्योति, शालू, रुपाली, रिंकू, मुकेश अग्रवाल और ऋतु अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।
आज रामलीला में वनवास लीला,जनकपुरी में रामायण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति :
श्री रामलीला कमेटी के मीडिया प्रभारी राहुल गौतम ने बताया कि शनिवार को शाम छह बजे रामलीला मैदान में वनवास लीला का मंचन होगा। वनवास की सवारी बिजलीघर, कचहरी घाट और यमुना किनारा होते हुए मथुरेश जी मंदिर, यमुना किनारे पहुंचेगी। यहां प्रभु श्रीराम और केवट के बीच संवाद का मंचन किया जाएगा।
वहीं,जनकपुरी महोत्सव में शनिवार शाम सात बजे सांस्कृतिक मंच पर लाडी संगीत मेकर ग्रुप की ओर से बॉलीवुड कलाकारों के साथ रामायण पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें रामायण में हनुमान की भूमिका निभाने वाले अभिनेता दारा सिंह के पुत्र बिंदु दारा सिंह भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में जनकपुरी महोत्सव के आयोजन और सहयोग से जुड़े लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।


