पुरानी पेंशन बहाली,शिक्षकों की सुरक्षा,शिक्षामित्रों के वेतन और युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाया
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
फतेहपुर । झांसी-इलाहाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समाजवादी पार्टी (सपा) के वर्तमान एमएलसी एवं प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने फतेहपुर दौरे के दौरान देर शाम साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के कार्यालय पहुंचकर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बातचीत में शिक्षक-कर्मचारियों की समस्याओं, पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों की सुरक्षा, शिक्षामित्रों के वेतन, युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।
डॉ.मान सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी और युवा समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। इनसे जुड़े मुद्दे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्गों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना आवश्यक है।
पुरानी पेंशन बहाली पर दिया जोर :
मुलाकात के दौरान डॉ. यादव ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों के भविष्य की आर्थिक सुरक्षा महत्वपूर्ण है। सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने शिक्षामित्रों को समान वेतन दिलाने तथा वित्तविहीन शिक्षकों के लिए उचित मानदेय और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों, शिक्षामित्रों और कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलनी चाहिए।
भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर उठाए सवाल :
बातचीत के दौरान सपा एमएलसी ने प्रदेश में भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दरोगा भर्ती, ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ), असिस्टेंट पदों की भर्ती परीक्षाओं और नीट परीक्षा का उल्लेख किया। उन्होंने इन परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से युवाओं की मेहनत और भविष्य प्रभावित होता है।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं और उनके परिवारों को भी उनसे उम्मीदें होती हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठने से युवाओं का भरोसा प्रभावित होता है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पत्रकारों के हितों पर भी हुई चर्चा :
मुलाकात के दौरान सीजेए के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान ने पत्रकारों एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े हितों और चुनौतियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं तथा उनके हितों की सुरक्षा को लेकर डॉ. यादव से चर्चा की।
इस पर डॉ. मान सिंह यादव ने कहा कि पत्रकारिता समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पत्रकार जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता और शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में समाजवादी सरकार बनने पर पत्रकारों और पत्रकारिता जगत के हितों के लिए कार्य किया जाएगा।
सीजेए कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान आगामी एमएलसी चुनाव के संदर्भ में विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। डॉ. यादव ने शिक्षक-कर्मचारी हितों,शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के रोजगार और पत्रकारों से जुड़े विषयों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

