राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के संदेश को विद्यार्थियों ने कला के माध्यम से किया अभिव्यक्त
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
जबलपुर, 10 अक्टूबर। शासकीय विज्ञान महाविद्यालय,जबलपुर के भूविज्ञान विभाग द्वारा अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 के अंतर्गत कला एवं संस्कृति गतिविधि के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) विषय पर रंगोली एवं पोस्टर निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रंगोली एवं पोस्टर के माध्यम से शिक्षा में नवाचार, कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति एवं कल्पनाशीलता का विकास करने के साथ ही भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख उद्देश्यों की समझ विकसित करना था। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही, इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, कलात्मक कौशल एवं सृजनात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा सक्सेना के संरक्षण एवं नेतृत्व तथा भूविज्ञान विभाग के डॉ. डी. के. देवलिया के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रभारी डॉ. मीनाक्षी कपूर, डॉ. रोहिणी सिंह, डॉ. ईश्वर लाल डांगी एवं डॉ. कुसुम पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह आयोजन शिक्षा, कला एवं संस्कृति के समन्वय को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों को रचनात्मक माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।


