दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन की संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, युवाओं से हरियाली बढ़ाने की अपील
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण की दिशा में सार्थक पहल करते हुए पर्यावरण एवं समाज सेवा को समर्पित संस्था दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को ग्रीन हाउस, भोगीपुरा, आगरा में पर्यावरण संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर तुलसी सहित विभिन्न पर्यावरण अनुकूल पौधों का वितरण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता प्रमोद चाहर एवं विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्य अतिथि प्रमोद चाहर ने कहा कि नवरात्रि आत्मशुद्धि और शक्ति साधना का पर्व है। वर्तमान समय में प्रकृति का संरक्षण भी अपने आप में एक आराधना है। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
कार्यक्रम आयोजक एवं ग्रीन मैन चन्द्रशेखर शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में तुलसी सहित अन्य पौधे लगाकर धरती मां को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने का प्रयास करना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अमित लवानिया ने कहा कि दि आइकॉनिक ग्लोबल फाउंडेशन का उद्देश्य समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ आगे बढ़ाना है। संस्था निरंतर जनजागरण के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों के लिए प्रेरित कर रही है।
संस्था के प्रमेन्द्र शर्मा एवं डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव प्रकृति और पर्यावरण के सह-अस्तित्व का संदेश देती आई है। प्रकृति की रक्षा करना हमारी सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों है।
यतीश लवानिया एवं विवेक शर्मा ने युवा पीढ़ी से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में आगे आने और प्रत्येक घर तक हरियाली पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, संस्था की मार्गदर्शक ऋतु उपाध्याय ने उपस्थित लोगों से संस्था के आगामी कार्यक्रमों में साइकिल से आने का आग्रह किया, ताकि ईंधन की खपत एवं वायु प्रदूषण को कम करने में योगदान दिया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान चतुर्भुज तिवारी एवं संजीव कटारिया ने उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी लोगों को तुलसी एवं अन्य पौधे वितरित किए गए। विशिष्ट अतिथि फिल्म प्रोड्यूसर सूरज तिवारी ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. असीम आनंद ने किया, जबकि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं अभिषेक बंसल ने संभालीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमोद चाहर, विशिष्ट अतिथि सूरज तिवारी, कार्यक्रम आयोजक चन्द्रशेखर शर्मा, संस्था अध्यक्ष अमित लवानिया, प्रमेन्द्र शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, यतीश लवानिया, डॉ. मनोज कुमार शर्मा, विवेक शर्मा, आर.बी. लवानिया, ऋतु उपाध्याय, संजीव कटारिया, यशस्वी लवानिया, पंकज दीक्षित, अभिषेक बंसल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


