णमोकार महामंत्र के सामूहिक पाठ और भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

                                      


नवग्रह युवक मंडल के आयोजन में देर रात तक बही भक्ति की रसधार,संजू सिकरवार ने की सराहना

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-4बी स्थित श्री 1008 प्रभु पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे आठ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के अंतर्गत सोमवार को नवग्रह युवक मंडल की ओर से भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय पार्षद संजू सिकरवार ने किया।

इस अवसर पर पार्षद संजू सिकरवार ने नवग्रह युवक मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धर्म से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम छह बजे 35 मिनट के सामूहिक णमोकार महामंत्र पाठ से हुआ। इसके बाद भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक वाचन और प्रभु की संगीतमय आरती की गई। शाम 7:30 बजे पंडित सौरभ जैन शास्त्री ने शास्त्र प्रवचन कर श्रद्धालुओं को धर्म और अध्यात्म का संदेश दिया।

रात्रि आठ बजे से आयोजित भव्य भजन संध्या में ऑर्केस्ट्रा पार्टी के साथ कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। विशाल जैन, कुलदीप जैन, दिव्यांशी जैन, सैफाली जैन, राशि जैन एवं नमन जैन के मधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति के रंग में सराबोर होकर झूमते रहे। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रभावना वितरित की गई।

कार्यक्रम में विधान के पुण्यार्जक अशोक कुमार जैन (बर्तन वाले), मंदिर समिति अध्यक्ष अभय जैन, मंत्री सुशील कुमार जैन, अशोक जैन, मुकेश जैन, नवग्रह युवक मंडल अध्यक्ष संदेश जैन, मंत्री अभिषेक जैन, मीडिया प्रभारी लक्की जैन सहित मंडल के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। शाश्वत महिला मंडल की अध्यक्षा कुंती जैन, मंत्री माया जैन, सुनीता जैन, रिंकी जैन, रचना जैन तथा वधू मंडल सेक्टर-4 बी की पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।