आगरा। हि. वार्ता
शहर कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत आज वार्ड 22,30,34,63 व 70 में कांग्रेस जनों की बैठकें आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू एडवोकेट ने की मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी आगरा के सह प्रभारी श्री आशुतोष दीक्षित थे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी श्री आशुतोष दीक्षित ने कहा की मोदी जी के अच्छे दिनों का सीधा सीधा फायदा उनके उद्योगपति मित्र अडानी अम्बानी को देकर उनको आत्मनिर्भर बनाने का एक सूत्रीय कार्यक्रम देश में चल रहा है, आम जनता अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है।
श्री दीक्षित ने मोदी सरकार से पूछा कि देश के कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर कह रहे हैं कि कानून में काला क्या है, तो कृषि मंत्री को जनता को बताना चाहिए कि इसमें सफेद क्या है, आवश्यक वस्तु अधिनियम को समाप्त करके असीमित भंडारण का अधिकार मोदी सरकार ने क्या अपने उद्योगपति मित्रों को नहीं दिया है और इससे जमाखोरी व मंहगाई नहीं बढ़ेगी। देखा जाए पूरी दाल ही काली है। इसलिए जनता ने अब मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का बिगुल फूंक दिया है।
शहर अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चिल्लू एडवोकेट ने कहा कि मोदी सरकार जिस बुरी तरह से देश को लूटने का कार्य कर रही है, उससे आम जनता का जीवन यापन काफी मुश्किल में पड़ गया है।
श्री चिल्लू ने कहा कि रोजाना घरेलू गैस, पेट्रोल डीजल के मूल्यों में वृद्धि की जा रही है , सरकारी संस्थाओं को बेच कर अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ दिया जा रहा है, सरकार मस्त है और जनता त्रस्त है।
कार्यक्रम का संचालन नंदलाल भारती ने किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के सर्व श्री पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, राजेन्द्र उपाध्याय, सोनू सक्सैना, राकेश पाठक, इब्राहिम ज़ैदी, आई डी श्रीवास्तव, अश्वनी कुमार बिट्टू, दिलीप वर्मा, हरित बंधु, सुरेश चंद डब्बू, बहादुर सिंह, अशोक गोम, आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।