नदियों के किनारे हो व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण - मा. मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना।नेशनल चैम्बर



- जिला वन अधिकारी एवं नगर निगम को  चैम्बर ने लिखे पत्र।

- सूरकुटी से ताजमहल तक यमुना के दोनों ओर सघन वृक्षारोपण।

आगरा।हि. वार्ता(धर्मेन्द्र कु. चौधरी)

आज दिनांक 11 जून 2021 को चैम्बर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य सचिव महोदय उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 7 जून 2021 को एक्सप्रेसवे व नदियों के किनारे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश सभी जिलाधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए हैं। 

अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आगे बताया कि आगरा में सघन वृक्षारोपण हेतु श्रीमान जिला वन अधिकारी एवं नगर आयुक्त महोदय को पत्र द्वारा निवेदन किया गया है।  वृक्षारोपण माननीय मुख्यमंत्री महोदय की एक महत्वाकांक्षी योजना है।  चूँकि अब वृक्षारोपण का उपयुक्त समय आने को है और आगरा प्रदेश का मुख्य एवं महत्वपूर्ण शहर होने के साथ-साथ यहां यमुना नदी भी है।  साथ ही आगरा को सघन वृक्षारोपण की आवश्यकता भी है क्योंकि ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए आगरा के पर्यावरण में काफी सुधार की आवश्यकता है।  अतः सूरकुटी से लेकर ताजमहल के पूर्वी गेट तक यमुना जी के दोनों ओर सघन वृक्षारोपण किया जाए।  यमुना नदी के दोनों ओर सघन वृक्षारोपण से जहां एक ओर यमुना नदी की सुंदरता बढ़ेगी वहीं शहर के पर्यावरण में सुधार होगा।  साथ ही साथ यमुना नदी से उड़ने वाली धूल के कण उड़ने से रुकेंगे।  इस प्रकार यमुना में सघन वृक्षारोपण से ताजमहल को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। 

 नागरिक सुविधा, शहरी विकास एवं यातायात प्रकोष्ठ के चेयरमैन सीताराम अग्रवाल  ने कहा कि यमुना नदी में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के साथ-साथ सफाई की भी महती आवश्यकता है।  यमुना नदी में विगत वर्षों में लगभग 8 से 10 फुट गंदे नालों व नालियों से बहकर सिल्ट जमा हो गई है। जिसके कारण यमुना नदी उथली हो गई है और उसमें जलभराव नहीं हो पाता है।  यमुना नदी में बढ़ती हुई गंदगी को एनजीटी द्वारा भी स्वीकार किया जा रहा है।  यमुना नदी के दोनों किनारों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के साथ-साथ डिसिल्टिंग हेतु भी चैम्बर  द्वारा विभिन्न स्तरों  पर भरसक प्रयास किए जा रहे हैं।  आशा है कि यमुना नदी में डिसिल्टिंग का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सकेगा।