देश की प्रथम किन्नर महामंडलेश्वर ,आगरा में।






आगराः विश्व की प्रथम किन्नर भागवत कथावाचक महामंडलेश्वर हिमांगी सखि मां शनिवार को आगरा आ रही हैं। वे यहां अपने भक्तों को आशीर्वाद देंगी। रविवार को अतिथिवन, वाटर वर्क्स चौराहा पर सुबह 11.30 बजे से उनका एक दिवसीय प्रवचन है। कार्यक्रम के संयोजक डीके गुरू के अनुसार वे शनिवार को सुबह आगरा आ रही हैं। दिन में वे अपने भक्तों से मिलेंगी और आशीर्वाद प्रदान करेंगी।  

गुजरात के बड़ौदा में जन्मी महामंडलेश्वर हिमांगी जी मुंबई आकर बस गई थीं। उनके पिताजी फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर थे और उन्होंने राजकपूर के साथ काम किया था। प्रारंभिक शिक्षा कान्वेंट स्कूल में की। पिताजी और माताजी का निधन हो जाने के बाद शिक्षा अधूरी रह गई। उसके बाद सन् 1999 में उन्होंने बहन की शादी कराई और जीविका चलाने के लिए उन्होंने फिल्मों में अभिनय भी किया। सन् 2005 में फिल्म ‘शबनम मौसी,’ ‘डाउन टाउन’ और ‘थर्ड मैन’ जैसी फिल्मों में रोल किया। वी चैनल के शो ” एक्स योर एक्स’ और आईबीइन 7 चैनल के “जिंदगी लाइफ” शो में भी आ चुकी है। उसके बाद कृष्ण भगवान की ओर झुकाव बढ़ता गया और सब छोड़कर वृंदावन आ गई। यहां शास्त्रों का अध्ययन किया। अब वे प्रवचन, सत्संग और कथा में भगवत भक्ति की धारा प्रवाहित करती हैं। आप विश्व की पहली किन्नर महामंडलेश्वर हैं, जो श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करती हैं। आप मारीशस, बैंकांक, सिंगापुर, हांगकांग सहित देश के 50 नगरों में श्रीमद् भागवत कथा कर चुकी हैं। प्रयागराज में हुए कुंभ में पशुपति पीठ अखाड़े ने उन्हें महामंडलेवर की उपाधि दी गई थी।