बदलते मौसम में बच्चों का रखें ख्याल : डॉ.अतुल बंसल "बाल रोग विशेषज्ञ"

 


हिन्दुस्तान वार्ता।

बदलते मौसम के उतार-चढ़ाव को हल्के में न लें। इन दिनों मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। दिन में मौसम सामान्य है, तो रात और सुबह के समय तापमान सामान्य से कम महसूस हो रहा है। ऐसे में हमें स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की जरूरत है।

 इस बदलते मौसम में डेंगू, वायरल बुखार जैसी बीमारियां तेजी से पनपती हैं। सुबह-शाम की ठंड, दिनभर गर्मी के इस मौसमी बदलाव में अपनी सुरक्षा खुद करें। यह मौसम आपको भारी नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में खुद को सुरक्षित रखने के लिए सावधान रहना जरूरी है।

 बदलते मौसम से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों में देखने को मिल रहा है। ज्यादातर बच्चों की सेहत बिगडऩे का कारण सिर्फ बदलता मौसम ही नहीं, बल्कि खानपान, रहन-सहन व पहनावा होता है। बदलते मौसम में संक्रमण तेजी से फैलता है और बैक्टीरिया आदि जीवाणु और रोगाणु के पनपने की संभावना भी बढ़ जाती है।

वातावरण और जलवायु में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, डेंगू व वायरल बुखार जैसे खतरनाक रोग, बड़ी आसानी से हमारे शरीर को घेर लेते हैं। बदलते मौसम के इस उतार-चढ़ाव के कारण हमारे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता कम होती जाती है। ऐसे समय में ठंडा पानी, कोल्डड्रिंक्स आदि आदतों को छोडऩा चाहिए,नहीं तो हम भी किसी न किसी बीमारी का शिकार हो सकते हैं। किसी भी प्रकार के संक्रामक रोगों से बचने के लिए बच्चे अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएं, गर्म पानी का उपयोग करें।

 इस मौसम में बच्चे, सादा भोजन करें। बच्चों की डाइट में अंडा, ड्राई फ्रूट्स, दूध, सीजनल फल-सब्जियां और घी जरूर शामिल करें. इससे बच्चों की इम्यूनिटी मजबूत होगी,साथ ही शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलेगी।

 बदलते मौसम में बच्चे, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

जिससे बीमारियों से काफी दूर रहा जा सकता है। मौसमी बीमारियां होने पर समय रहते बेहतर इलाज करवाना चाहिए। बच्चों के बीमार होने पर, उनके इलाज में बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, नहीं तो तबियत ज्यादा बिगड़ सकती है।

 इस बदलते मौसम में देश के कई राज्यों में हर साल डेंगू का ऐसा ही जानलेवा कहर देखा जाता रहा है। कई स्थानों पर तो हालात बिगडऩे लग जाते हैं। हजारों लोग डेंगू से पीड़ित होकर अस्पतालों में भर्ती होते हैं, जिनमें से सैंकड़ों समय पर ठीक उपचार न मिलने के कारण दम तोड़ देते हैं। असल में डेंगू व वायरल बुखार कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि हमारी लापरवाही के कारण होते हैं। अगर हम ठीक समय पर सभी प्रकार की सावधानी के लिए जरूरी कदम उठाएं, तो इन भयानक बीमारियों से बच सकते हैं। ऐसे में हमें स्वयं एवं अपने बच्चों की हमेशा देखभाल रखनी चाहिए।

        ✍️डॉ.अतुल बंसल   एम.बी.बी.एस.,डी.सी.एच.,एम.आई.ए.पी.

नवजात शिशु-बाल रोग एवं एलर्जी स्पेशलिस्ट।

         मो.8979089847