सभी व्यापारी बन्धु एकजुट होकर नगर निगम द्वारा जारी अप्रासंगिक बिलों का करेंगे विरोध:नेशनल चैम्बर

मंडलीय उद्योग बंधू में भी उठाया मुद्दा,

नगला आशा व गढ़ी रामी की सड़कों का किया जाए चौड़ीकरण।

फाउंड्री नगर इंडस्ट्रियल एस्टेट में बंजर भूमि पर बनाया जाये पार्क /किया जाये सौंदर्यीकरण।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा 29 नवम्बर,चैम्बर अध्यक्ष राजेश गोयल की अध्यक्षता में प्रबन्ध समिति की एक बैठक चैम्बर भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में चैम्बर के आंतरिक मामलों के अतिरिक्त उद्योग एवं व्यापार से सम्बन्धित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। 

सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि हाथरस रोड पर नगला आशा एवं फिरोजाबाद रोड पर कुबेरपुर के निकट गढ़ी रामी के आसपास काफी संख्या में छोटे-छोटे उद्योग, गोदाम, शीतगृह स्थापित हैं। यहां पर सड़कें अत्यंत सकरी हैं। जिससे बड़े वाहनों का आवागमन बुरी तरह बाधित होता रहता है। प्रशासन से मांग की गई कि यहां सड़कों का चौड़ीकरण कराया जाये और जो सड़क नई बनाई जा रही है उन्हें 5 से 6 मीटर चौड़ी बनाया जाये। जिससे बड़े वाहन जैसे ट्रक और कंटेनर आदि आसानी से चल सकें।

सदन में यह आवाज उठी कि नगर निगम द्वारा सम्पत्ति कर व जल कर के बहुत ही अप्रासंगिक बिल भेज दिये गये हैं। जिनसे उद्यमी व व्यापारी बहुत ही त्रस्त हैं। 20-25 व्यक्तियों की टीम जाकर दबाव बनाती है और मुनादी करते हैं। 

चैम्बर अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि इसमें चैम्बर द्वारा कई बार निवेदन कर दिया गया है। किन्तु कोई सुधार नहीं किया गया है। सहमति बनी कि सभी व्यापार मंडल एकत्रित होकर निगम की इस मनमानी और दबंगई की सुरक्षा में आंदोलन करेंगे। शीघ्र ही इसके लिए तिथि निर्धारित की जायेगी।

पूर्व अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने कहा कि फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में यूपीएसआईडीसी द्वारा पार्क के लिए भूमि छोड़ी गई थी। कार्यदाती संस्था द्वारा इसे पार्क में विकसित न किये जाने के कारण जंगल के रुप में विकसित हो गई है। इस विषय को यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रशासन के समक्ष उठाया जाये।

सदस्यों का मत था कि सरकार द्वारा तो उद्योग व व्यापार को बढ़ावा देने के लिए अच्छी नीतियां बनाई गयी हैं। किन्तु अधिकारियों द्वारा इन नीतियों को बढ़ावा देने में सहयोग न देकर असहयोग किया जा रहा है। जिससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। सभी का मत था कि इस वास्तविकता से शासन स्तर पर चैम्बर द्वारा अवगत कराया जाये। इन विषयों को मंडलीय उद्योग बन्धु की बैठक में भी उठाया जाये।

बैठक में अध्यक्ष राजेश गोयल, उपाध्यक्ष मनोज बंसल, कोषाध्यक्ष योगेश जिन्दल, पूर्व अध्यक्ष शान्ति स्वरूप गोयल, अमर मित्तल, मयंक सिंघल, अनिल वर्मा, श्रीकिशन गोयल, राजीव अग्रवाल तथा  मनोज कुमार गुप्ता, नितेश अग्रवाल, रवीन्द्र अग्रवाल, अनूप गोयल, अशोक गोयल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।