हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा : 23 अप्रेल,मोहब्बत की निशानी ताजमहल की खूबसूरती ने एक बार फिर विदेशी मेहमानों को मंत्रमुग्ध कर दिया।अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार के साथ आगरा पहुंचे।
उनका मुख्यमंत्री योगी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। वे यहां ताज के दीदार के लिए आए। उनकी पत्नी ऊषा वेंस और उनके बच्चे ताजमहल की सुंदरता में खो गए और उन्होंने विभिन्न कोणों से ताजमहल की तस्वीरें लीं।
सूर्योदय के समय ताजमहल की संगमरमर की दीवारों पर पड़ती किरणों को देखकर वेंस परिवार भावविभोर हो गया। इस दौरान एक खास बात यह रही कि उपराष्ट्रपति के बच्चे भारतीय पारंपरिक परिधानों में नजर आए। उनके बेटे ने कुर्ता-पायजामा पहना था, जबकि उनकी बेटी रंगीन लहंगा-चोली में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। विदेशी मेहमानों में भारतीय संस्कृति के इस रंग ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
स्कूली बच्चों ने किया गर्मजोशी से स्वागत :
उपराष्ट्रपति वेंस आज सुबह जयपुर से खेरिया हवाई अड्डे,आगरा पहुंचे,जहां से वे सीधे शिल्पग्राम गए। रास्ते में स्कूली बच्चों ने भारत और अमेरिका के झंडे लहराकर उनका भव्य स्वागत किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए,जिन्हें देखकर वेंस परिवार बेहद उत्साहित हुआ। उन्होंने कई बच्चों से बातचीत की और उनकी कला की सराहना की।
शिल्पग्राम से ताजमहल तक की यात्रा गोल्फ कार्ट में की गई,जहां वेंस और उनके परिवार ने ताज की नक्काशी और वास्तुकला की प्रशंसा की। उन्होंने वहां मौजूद गाइड से ताजमहल के इतिहास के बारे में जानकारी ली और कई बार सिर हिलाकर अपनी प्रशंसा व्यक्त की। ताजमहल की सुंदरता और भारतीय संस्कृति के रंग में डूबे अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनके परिवार का यह दौरा आगरा के लिए यादगार बन गया।
रिपोर्ट - असलम सलीमी