हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा।होराइजन कॉम्पिटिशन स्कूल,रोहता में रविवार को “विज्ञानवीर 4.0 – वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी” का भव्य, ज्ञानवर्धक एवं बहुआयामी आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पुस्तकों से आगे बढ़कर विज्ञान को मॉडल, नवाचार, प्रयोग एवं वास्तविक जीवन से जुड़े व्यावहारिक समाधानों के रूप में प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षाविद्, गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का शुभारंभ एसीपी थाना छत्ता शेषमणि उपाध्याय, डायरेक्टर जनरल, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज डॉ. प्रशांत यादव एवं सुनीत उपाध्याय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास,वैज्ञानिक सोच एवं प्रस्तुति शैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ.अंकुर काबरा एवं जय काबरा ने कहा कि विज्ञानवीर 4.0जैसी प्रदर्शनियां बच्चों में नवाचार, प्रयोगशीलता और समस्या-समाधान की भावना को विकसित करती हैं। यह मंच विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तर्कशक्ति और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाता है।
प्रधानाचार्य गायत्री वासवानी ने बताया कि प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा कुल "55 स्टॉल्स" लगाए गए, जिनमें विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विविध विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए। इनमें प्रमुख रूप से स्मार्ट एग्रीकल्चर सिस्टम, न्यूरो- द मैसेंजर ऑफ ह्यूमन बॉडी, सीमा सुरक्षा प्रणाली, कवच (सुरक्षा तकनीक आधारित मॉडल), जल संरक्षण एवं वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर एवं रिन्यूएबल एनर्जी, स्मार्ट सिटी कॉन्सेप्ट, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, एयर पॉल्यूशन कंट्रोल, वेस्ट मैनेजमेंट एवं रिसाइक्लिंग, फायर सेफ्टी अलार्म सिस्टम, डिजास्टर मैनेजमेंट, हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम, ट्रैफिक कंट्रोल एवं रोड सेफ्टी मॉडल जैसे अनेक समसामयिक एवं भविष्य उन्मुख प्रोजेक्ट्स शामिल रहे, जिन्हें दर्शकों ने उत्साहपूर्वक देखा और विद्यार्थियों से जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के साथ विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं वेलनेस चेक-अप शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. चौधरी, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्पिता जांगू, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि सिंह एवं फिजिशियन डॉ.सैफ अली द्वारा बच्चों एवं अभिभावकों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज एवं आगरा शहर के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से श्री अश्विनी सिंह (नया ज़फ़र आगरा), श्री मौसिम (Fun2Agra), सुश्री आकांक्षा वर्मा (AgraEaters) सहित अन्य इन्फ्लुएंसर्स को समाज हित एवं आगरा को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों के लिए लकी ड्रॉ एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को आनंदमय एवं उत्सवपूर्ण बना दिया।
इसके साथ ही प्रदर्शनी के मंच पर होराइजन शिक्षा रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आगरा,हाथरस एवं मथुरा क्षेत्र के अनेक प्राचार्यों, शिक्षकों एवं शिक्षण क्षेत्र से जुड़े मार्गदर्शकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर APTA ( आगरा प्रोग्रेसिव टीचर्स एसोसिएशन) के सदस्यों को भी सम्मान प्रदान किया गया।अंत में कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित समापन हुआ,जिसमें सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।

