एसकेएफआई के राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में 41 विभूतियां सम्मानित

 


डीएम राहुल कुमार ने 32 विभूतियों को प्रदान किया ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड, नौ प्रतिभाओं को मिला ‘राष्ट्रीय प्रतिभा’ सम्मान

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

बिलासपुर। भाषा,कला एवं संस्कृति विभाग,हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) का 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह बिलासपुर में भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त (डीएम) बिलासपुर आईएएस राहुल कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड तथा नौ अन्य प्रतिभाओं को ‘राष्ट्रीय प्रतिभा’ सम्मान प्रदान किया। कुल 41 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम राहुल कुमार, एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल (सेवानिवृत्त) जसवंत सिंह चंदेल तथा जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत कुमार, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राम स्वरूप भटनागर तथा बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप एवं बिलासपुर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने अतिथियों का हिमाचली टोपी, शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरणा देता है सम्मान समारोह :

मुख्य अतिथि राहुल कुमार ने सभी 41 सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हैं और अन्य लोगों को भी समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल ने एसकेएफआई के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।

विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन एवं हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए संगठन को भविष्य में हरसंभव सहयोग देने की घोषणा की।

नई कार्यकारिणी की घोषणा, सदस्यों में दिखा उत्साह :

समारोह से पूर्व अनेक लोगों ने एसकेएफआई की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद पदाधिकारियों एवं सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में संगठन के सामाजिक सरोकारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी शीघ्र एसकेएफआई की इकाइयां गठित करने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम का सफल संचालन रविन्द्र कुमार शर्मा ने किया। आयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में साहित्यकारों, कवियों एवं समाजसेवियों ने एसकेएफआई के उद्देश्यों और सामाजिक कार्यों पर अपने विचार रखे। महिला मंडल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस एवं पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।