महाराजा अग्रसेन जयंती पर बल्केश्वर में हुआ भव्य एकता महायज्ञ



सामाजिक एकता, सद्भाव और विश्व शांति के लिए दीं आहुतियां,प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर रविवार को अग्रवंश एकता समिति के तत्वावधान में बल्केश्वर स्थित आईटीआई के सामने श्री अग्रसेन वाटिका में सामाजिक एकता, सद्भाव और विश्व शांति की कामना के साथ भव्य एकता महायज्ञ का आयोजन किया गया। महायज्ञ में समाज के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लेकर आहुतियां दीं तथा सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम संयोजक एवं प्रमुख समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी का कल्याण हो, प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकताएं पूरी हों, समाज में खुशहाली आए और सभी के संकट दूर हों। उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ में श्रद्धापूर्वक आहुति देने वाले सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं महाराजा अग्रसेन जी पूर्ण करें, ऐसी कामना है।

समाजसेविका श्रीमती सुमन गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को ‘एक रुपया और एक ईंट’ का संदेश देकर गरीबों एवं जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा दी थी। उनके आदर्श आज भी सामाजिक सहयोग, समानता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि महायज्ञ और पूजा-अर्चना के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्येक परिवार को अपने घर में महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा स्थापित कर नियमित पूजा-अर्चना करनी चाहिए। महायज्ञ में परिवारों ने आहुतियां देकर मां महालक्ष्मी, मां माधवी और महाराजा अग्रसेन जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा :

कार्यक्रम के दौरान आयोजित फैंसी ड्रेस, मेहंदी, नृत्य और चित्रकला प्रतियोगिताओं में अग्रवंशी बच्चों एवं बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

ये रहे उपस्थित :

कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले, समाजसेविका सुमन गोयल, मुख्य यजमान गिरीश चंद्र बंसल, पूर्व पार्षद ताराचंद मित्तल ‘तोती भाई’, पार्षद पूजा बंसल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल, ममता सिंघल, रमन अग्रवाल, शिव शंकर अग्रवाल ‘शंभू’, कृष्ण कुमार अग्रवाल ‘गुड्डू भाई’, नूतन अग्रवाल, प्रियंका सिंघल, राजू अग्रवाल (खुशबू नमकीन), अवध गोयल, हरीश अग्रवाल ‘जुगनू’,प्रकाश चंद अग्रवाल, बबली जैन और अतुल अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।