आगरा से झांसी तक रोमांच की गर्जना : जंगल,डैम और दुर्गम रास्तों से गुजरती एडवेंचर रैली



रफ्तार और संतुलन की परीक्षा, एडवेंचर रैली में कुल 77 प्रतिभागी शामिल, 52 कार चालक और 25 बाइक राइडर ,तीन चरणों की रैली में तय होगा 800 किमी का सफर 

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। रफ्तार,रणनीति और साहस का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ आगरा, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित द आगरा ताज कार एडवेंचर रैली का कारवां शनिवार सुबह फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट से झांसी के लिए जोश के साथ रवाना हुआ। इंजनों की गूंज और प्रतिभागियों के उत्साह ने वातावरण को रोमांच से भर दिया।

रैली का मार्ग चुनौतीपूर्ण और साहस की परीक्षा लेने वाला रहा। होटल से प्रस्थान के बाद कारवां केपीएस टाउनशिप होते हुए आगरा–ग्वालियर बायपास,उजरा रोड,जैतपुर कैनाल क्रॉसिंग और पैंटून पूल क्रॉसिंग से गुजरा। इसके आगे सुकमा–दुकमा डैम, कैनाल सुकमा–दुकमा जंगल, डोंगरी डैम तथा घने जंगलों के दुर्गम और ऊबड़-खाबड़ रास्तों ने प्रतिभागियों के ड्राइविंग कौशल की कड़ी परीक्षा ली।

धूलभरे ट्रैक, संकरे मोड़, पत्थरीले मार्ग और प्राकृतिक बाधाओं के बीच प्रतिभागियों ने संयम, संतुलन और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। कई स्थानों पर रास्ते इतने चुनौतीपूर्ण थे कि रणनीतिक निर्णय और सटीक टाइम मैनेजमेंट ही सफलता की कुंजी साबित हुए। झांसी पहुंचने पर प्रतिभागियों ने इस कठिन लेकिन रोमांचकारी सफर को अविस्मरणीय अनुभव बताया। 

संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया और चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि पूरे आयोजन ने आगरा से झांसी तक के मार्ग पर रोमांच,ऊर्जा और खेल भावना का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। जिसने मोटरस्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए एक यादगार अध्याय रच दिया।

रविवार को घोषित होगा परिणाम :

रविवार प्रातः झांसी से एडवेंचर रैली का अगला चरण प्रारंभ होगा,जिसमें प्रतिभागी पुनः आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस अंतिम चरण में भी प्रतिस्पर्धा अपने चरम पर रहने की संभावना है, क्योंकि निर्णायक समय और प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा। आगरा पहुंचने के उपरांत सायं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेताओं की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। आगरा सहित बुंदेलखंड पर्यटन को बढ़ावा देना मुख्य उद्देश्य

कोषाध्यक्ष रचित अग्रवाल और अध्यक्ष खेल अमित मित्तल ने बताया कि इस एडवेंचर रैली का प्रमुख उद्देश्य केवल मोटरस्पोर्ट्स को प्रोत्साहित करना नहीं, बल्कि आगरा से झांसी तक फैले ऐतिहासिक,प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना भी है।

रैली मार्ग में शामिल ग्रामीण अंचल, डैम, जंगल और प्राकृतिक स्थलों ने प्रतिभागियों को बुंदेलखंड की अद्भुत भौगोलिक विविधता से रूबरू कराया। आयोजन के माध्यम से क्षेत्रीय पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और एडवेंचर टूरिज्म को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। ऐसे साहसिक आयोजन आगरा एवं बुंदेलखंड क्षेत्र को एडवेंचर स्पोर्ट्स और रोड ट्रिप डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ये रहे उपस्थित :

इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव गुप्ता, अर्पित अग्रवाल, सह सचिव करण अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हेमंत जैन, उपाध्यक्ष मनोज खान, रामप्रताप आदि उपस्थित रहे।