कैलाशानंद महाराज की वाणी से सजेगी श्रीराम कथा,10 अप्रैल से गऊ ग्राम परखम फरह में बहेगी भक्ति धारा

दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा आयोजित होने जा रही 7 दिवसीय कथा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

भजन,रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम बनेंगे आकर्षण, 17 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ होगा समापन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। भक्ति,श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम परखम, फरह,  में 10 अप्रैल से देखने को मिलेगा, जब संत वाणी में श्रीराम कथा की पावन गूंज वातावरण को दिव्यता से भर देगी। निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ.स्वामी कैलाश आनंद गिरि जी के श्रीमुख से प्रवाहित यह कथा श्रद्धालुओं के जीवन में आस्था और प्रेरणा का संचार करेगी।

दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे इस दिव्य आयोजन की आमंत्रण पत्रिका विमोचन बुधवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में सम्पन्न हुआ।

दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गऊ ग्राम,परखम में आयोजित यह श्री राम कथा 6 दिनों तक चलेगी, जिसमें निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाश आनंद गिरि महाराज के मुखारविंद से राम कथा का अमृत वर्षा होगा।कथा का समापन 17 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। 

उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग ने अपने सम्बोधन में कहा कि श्री राम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि समाज को नैतिकता,मर्यादा और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति की जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

प्रचार मंत्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि सबसे बड़ा सौभाग्य यह है कि श्रद्धालुओं को निरंजन पीठाधीश्वर, श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज के श्रीमुख से कथा श्रवण का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने महाराज का परिचय देते हुए कहा कि स्वामी कैलाशानंद गिरि जी एक प्रख्यात संत, विद्वान एवं ओजस्वी वक्ता हैं, जिनकी वाणी में भक्ति, ज्ञान और जीवन दर्शन का अद्भुत संगम होता है। उनके प्रवचनों से न केवल आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है, बल्कि व्यक्ति को जीवन जीने की सही दिशा भी मिलती है।

कथा संयोजक इ. उमेश शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन कथा से पूर्व और पश्चात विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में देशभर के ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर करेंगे। 

10 अप्रैल को आरंभ दिवस पर अनन्या ठाकुर की भजन संध्या एवं कशिश किशोरी द्वारा मयूर लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 11 अप्रैल को नलनी निगम (नोएडा) और जितेंद्र सिसोदिया (मथुरा) की भजन संध्या होगी। 12 अप्रैल को प्रयागराज के धीरज पांडे भजनों की प्रस्तुति देंगे तथा बांके बिहारी शर्मा द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त लखनऊ से मोनिका सिंह, माधव आचार्य (मथुरा), डॉ. सुजाता अग्रवाल (आगरा), डॉ.जगदीश प्रसाद माथुर, मोहिनी द्विवेदी (लखनऊ), रायबरेली से नरेंद्र सिंह, अनिल तिवारी (मथुरा), डॉ. हितू मिश्रा तथा गाजियाबाद से दीपशिखा रायजादा की प्रस्तुतियां भी इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहेंगी।

आमंत्रण पत्रिका विमोचन के अवसर पर आयोजन उप्र लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राकेश गर्ग, दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा, आयोजन समिति के प्रचार मंत्री मनीष अग्रवाल रावी, प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य आरएसएस अशोक कुलश्रेष्ठ, कथा संयोजक इंजी उमेश शर्मा, लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव दीपक अग्रवाल, अभिनव मौर्य, डॉ अनुराग शर्मा, राजेश कुलश्रेष्ठ आदि उपस्थित रहे।