भीम नगरी में धूमधाम से मनी बाबा साहब की 135वीं जयंती,उपमुख्यमंत्री रहे मुख्य अतिथि

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 15 अप्रैल,भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जीआईसी मैदान स्थित भीम नगरी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि के साथ की। भीम नगरी आयोजन समिति, ग्यासपुरा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ एवं समापन भी उनके द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में श्री मौर्य ने कहा कि बाबा साहब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश के सुचारु संचालन की आधारशिला है। उन्होंने समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहब ने छुआछूत जैसी कुरीतियों के उन्मूलन और सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि समाज में कोई छोटा-बड़ा नहीं है, सभी नागरिक समान हैं और हमें बाबा साहब के आदर्शों पर चलते हुए समरस एवं सशक्त समाज का निर्माण करना चाहिए।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एस.पी.सिंह बघेल,उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक जी.एस. धर्मेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी