वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण, 90 चश्मों का वितरण

 



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सृजन फाउंडेशन के तत्वावधान में सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सामान्य चिकित्सा,नेत्र एवं दंत रोगों की जांच के साथ दवा का वितरण भी किया गया। इस सेवा कार्य से वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर, एस.एन.मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, डॉ. बी.के. सिंह,भाजपा के पू.जिलाध्यक्ष जितेंद्र फौजदार,वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ.राजीव बंसल एवं डॉ. श्रुति सिन्हा ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती हेमलता दिवाकर ने सृजन फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वृद्धाश्रम में चिकित्सा शिविर लगाना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने बच्चों को ऐसे संस्कार देने चाहिए कि वे अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम भेजने के बारे में सोच भी न सकें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अपने परिजनों को यहां छोड़ते हैं, उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए कि वे भी एक दिन वृद्ध होंगे। 

एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.प्रशांत गुप्ता ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में ईश्वर का वास होता है, इसलिए गरीब, पीड़ित और अशिक्षित लोगों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। डॉ. बी.के. सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे असहाय बुजुर्गों को अपनाकर उनकी सेवा करनी चाहिए,यही सच्ची ईश्वर भक्ति है।

प्रमुख न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव बंसल ने गुरु गोविंद सिंह के जीवन का उदाहरण देते हुए त्याग और सेवा की भावना को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने कहा कि समाज के कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्ग को अपना ईश्वर मानकर उनकी सेवा करनी चाहिए। यही हमारे जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि डॉ.श्रुति सिन्हा ने कहा कि समाज सेवा का वास्तविक अर्थ उन लोगों की सहायता करना है जो अशक्त, पीड़ित और उपेक्षित हैं। सृजन फाउंडेशन इसी भावना के साथ कार्य कर रहा है।

शिविर में एस.एन. मेडिकल कॉलेज से आए चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में डॉ.अर्पित गुप्ता, डॉ. विशाल बैंसला, डॉ. अनुज सुब्बा और डॉ. अक्षिता शर्मा ने नेत्र, दंत एवं सामान्य रोगों की जांच की। शिविर के दौरान 220 बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 90 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। उल्लेखनीय है कि रामलाल वृद्धाश्रम में कुल 395 बुजुर्ग निवास करते हैं।

कार्यक्रम में वृद्धाश्रम के प्रबंधक शिवप्रसाद शर्मा सहित आनंद राय, चतुर्भुज तिवारी,सिंह चौधरी, डॉ. पवन शर्मा, हिमानी चतुर्वेदी, राकेश अवस्थी, मुकेश वर्मा, रश्मि त्रिपाठी, विष्णु कटारा, पार्षद अनुज शर्मा, डॉ. अमन सक्सेना, तूलिका दास सक्सेना,शाहतोष गौतम एवं प्रियंका गौतम सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।

विशेष रूप से इंडोनेशिया से आई आईना ने चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए भारतीय सेवा परंपरा और मानवीय मूल्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ.श्रुति सिन्हा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन संस्था की अध्यक्ष अदिति कात्यायन ने किया।