हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : किनारी बाजार में गुरुवार देर रात तीन मंजिला बिल्डिंग भरभराकर गिर पड़ी। तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
बल्केश्वर के सीताराम कालोनी निवासी सर्राफा व्यापारी रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला शोरूम था। यहां वह चांदी के जेवर व बर्तन आदि की बिक्री करते थे। पिछले कुछ समय से इमारत की मरम्मत का काम चल रहा था। गुरुवार रात 12 बजे जर्जर इमारत तेज धमाके के साथ गिर पड़ी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। घबराए लोग घरों से बाहर निकले तो सड़क पर इमारत का मलबा पड़ा था।
जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मलबे में किसी के दबे होने की आशंका के चलते पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। किसी भी व्यक्ति के मलबे की चपेट में न आने से पुलिस ने राहत की सांस ली। हादसा शहर के प्रमुख बाजार में हुआ। दिन में यहां हर समय भारी भीड़ रहती है। हादसे के समय बाजार बंद था। ऐसे में बड़ी घटना होने से बच गई। पुलिस ने सड़क पर फैले मलबे को हटवाने का काम शुरू कराया।
रिपोर्ट - असलम सलीमी


