गोवर्धन विद्यापीठ का छात्र बना वैज्ञानिक

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

मथुरा।गोवर्धन विद्यापीठ के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि विद्यालय के विद्यार्थी लेखराज ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर देश की चार प्रतिष्ठित संस्थाओं में चयन प्राप्त कर विद्यालय क्षेत्र व जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।

गोवर्धन विद्यापीठ के संस्थापक डॉ. राजेश गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि लेखराज ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा गोवर्धन विद्यापीठ से प्राप्त की और विद्यार्थी जीवन से ही वे परिश्रमी, अनुशासित एवं मेधावी रहे हैं। उनकी यह सफलता निरंतर मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं परिवार के सहयोग का परिणाम है।विद्यालय के विद्यार्थी लेखराज का चयन मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत) एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) में वैज्ञानिक पद पर हुई है।

संस्थापक डॉ. राजेश गौतम ने लेखराज को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि लेखराज की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और भविष्य में भी गोवर्धन विद्यापीठ के विद्यार्थी इसी प्रकार सफलता प्राप्त करते रहेंगे।विद्यालय परिवार शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ ने भी लेखराज को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रिपोर्ट : उत्तम शर्मा