हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। जीआईसी मैदान में आयोजित जय झूलेलाल मेले में रविवार को सिंधी गीतों की मधुर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा। मुम्बई से आए सिंधी गीतों के रॉक स्टार करण खेमानी और गायिका ज्योति मणि की प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान झूलेलाल के जयकारों के साथ हुई। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में “हां मा सिंधी आया...” जैसे लोकप्रिय गीत पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ सुर मिलाकर माहौल को जीवंत बना दिया। ज्योति मणि ने “जिए मूंजी सिंध...”, “जैको खटी आयो खैर सा हो जमालो...” और “लाल मूंजी ओ लाल...” जैसे गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं करण खेमानी ने “आंधी में जोत जलायन वारा सिंधी...” और “आए हाय नदरी उम्र तई...” जैसे गीतों से पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।
चेटीचंड महोत्सव के अंतर्गत आयोजित छठे अंतर्राष्ट्रीय सिंधी मेले में परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक झांकियों, माता वैष्णो देवी की गुफा के दर्शन, सिंधी व्यंजनों और झूलों का भी भरपूर आनंद लिया। लोगों ने खरीददारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी लुत्फ उठाया। मेला संयोजक कमल छाबड़िया ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि अगले वर्ष मेले को और भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
महिला शक्ति वंदन में 25 महिलाएं सम्मानित :
मेले में आयोजित महिला शक्ति वंदन कार्यक्रम में समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 25 महिलाओं को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन ज्ञानचंद मूलानी और दौलतराम सहित अन्य गणमान्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।
मां-बेटी की जोड़ी ने रैम्प पर बिखेरा जलवा :
मेले में आयोजित विशेष कैटवॉक : कार्यक्रम में मां-बेटी की जोड़ियों ने रैम्प पर शानदार प्रस्तुति दी। पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों ने संस्कृति और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया। इस अनूठे कार्यक्रम ने दो पीढ़ियों के बीच सामंजस्य को दर्शाया। प्रतियोगिता में 11 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें विजेताओं को अंत में पुरस्कृत किया गया।
विशेष उपस्थिति :
कार्यक्रम में कमल छाबड़िया, गिरधारी लाल भगतयानी, सूर्य प्रकाश, सुनील कर्मचंदानी, मनीष हरजानी, डॉ. अक्षय गैलानी, सुशील नोतनानी, प्रकाश केसवानी, घनश्याम हेमलानी, जे.के. मदनानी, विकास जेठवानी, सोनू मदनानी, किशोर बुधरानी, मनीष लालचंदानी, कुनाल जेठवानी, नारायण बेहरानी, डॉ. योगेश मदनानी, सुशील सोनी, जेठानंद आसनानी, कपिल पंजवानी, नितिन राजारानी, अमृत माखीजा, प्रकाश मंगवानी, गीति भाई सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







