सिविल एयरपोर्ट की धूल जमी फाइलें उनकी याचिका के बाद से ही हुई थीं सक्रिय
हिन्दुस्तान वार्ता। ✍️ राजीव सक्सेना
आगरा : सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के सचिव और वरिष्ठ पर्यावरणविद् अनिल शर्मा का निधन हो गया है। उन्हें उटंगन, खारी और यमुना नदी को पुनर्जीवित करने के प्रयासों के लिए जाना जाता था और वे नदियों के संरक्षण के लिए सक्रिय थे। उन्हें 2025 में उन्हें उनके कार्यों के लिए 'नदी प्रहरी सम्मान' से भी सम्मानित किया गया था।
उन्होंने आगरा में उटंगन,खारी और यमुना नदियों को बचाने और पुनर्जीवित करने के लिए काम किया।वर्तमान में वे तेरहमोरी बांध के गेटो की मरम्मत कर बांध को पुन:सुचारू करने के प्रयासों को लेकर सक्रिय थे।
उनका मानना था कि आगरा की एयरक्वालिटी में सुधार के लिए तेरहमोरी बांध में पुन: जलसंचय अति आवश्यक है। वे बांध में मानसून कालीन पानी का ठहराव फतेहपुर सीकरी विकास खंड के जलस्तर और पानी की गुणवत्ता के लिए भी आवश्यक मानते थे।
श्री शर्मा आगरा में जल संकट को दूर करने के लिये उटंगन नदी के रिहावली गांव में बांध बनाये जाने के प्रवल पक्षधर थे। इसके लिये जिला पंचायत अध्यक्ष डा.मंजू भदोरिया के माध्यम से यथा संभव आवाज बुलंद करने का प्रयास किया था।
उन्होंने ताजनगरी में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मांग और नागरिक टर्मिनल के निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए सिविल सोसायटी के माध्यम से दबाव बनाया। उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा के द्वारा इलहाबाद उच्च न्यायलय में सिविल एयरपोर्ट के लिये एयरपोर्ट अथॉरिटी के विरूद्ध वाद दायर कर 2012 के बाद से ठंडे बस्ते में पड़े प्रोजेक्ट को पुनर्जीवित किया था, इस वाद में श्री शर्मा पर कोर्ट के द्वारा 75 हजार का जुर्माना लगाया,इसको लेकर भी उन्होंने कोर्ट मे पुन: वाद लड़ा और अंतत: जुर्मान बापस लिया गया।
अंतत: सिविल एयरपोर्ट को लेकर एयरपोर्ट अथार्टी को अपना पक्ष रख कर बताना पडा कि आगरा में एयरपोर्ट के निर्माण की योजना स्थगित नहीं की गयी है और निर्माण की योजना पर कार्यशुरू होगा।
इसी क्रम में बाद में सिविल एयरपोर्ट का निर्माण शुरू हो सका था। श्री शर्मा प्रख्यात इतिहासकार सेंटजोंस कालेज आगरा के इतिहास विभाग के पूर्व अध्यक्ष स्व.डा.आर.सी.शर्मा के पुत्र हैं।श्री शर्मा अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड गये हैं। विनम्र श्रद्धांजलि..🙏
लेखक- वरिष्ठ पत्रकार हैं।
सूचना :
अनिल शर्मा , जन्म : 18/12/1962, मृत्यु : 4/4/2026
2 पुत्र , पत्नी : कांति शर्मा
अंतिम संस्कार दि.5 अप्रेल को प्रातः 10-11 बजे,ताजगंज शमशान घाट पर होगा।

