आगरा में बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम, यमुना सफाई व कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश
आगरा, 15 अप्रैल,उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को आगरा दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में जनपद में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए और लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।
बैठक से पूर्व उप मुख्यमंत्री का खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के विकास कार्यों पर चर्चा की।
इंटरनेशनल स्टेडियम के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश :
उप मुख्यमंत्री ने आगरा की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के महिला विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन को शीघ्र जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
यमुना नदी की सफाई और घाटों का होगा कायाकल्प :
उन्होंने यमुना नदी में सिल्ट सफाई और घाटों की मरम्मत के लिए कार्य योजना बनाने को कहा। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे नदी की सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य तेज हो सके।
बिजली विभाग पर नाराजगी, तत्काल कनेक्शन जोड़ने के आदेश :
बिजली बिल भुगतान के बावजूद कनेक्शन न जोड़ने की शिकायतों पर उप मुख्यमंत्री ने सख्त नाराजगी जताते हुए तत्काल कनेक्शन बहाल करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया।
आंबेडकर स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण :
जनपद के सभी आंबेडकर पार्कों और स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर छत्र स्थापना के लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों व पुलिसकर्मियों के होंगे तबादले :
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, उपनिरीक्षक और सिपाही दो वर्ष से एक ही स्थान पर तैनात हैं, उनके स्थानांतरण किए जाएं।
अवैध अतिक्रमण व सड़क सुरक्षा पर सख्ती :
एमजी रोड स्थित सड़क के बीच बनी मजार को लेकर हुई दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उसे शीघ्र हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही इंद्रापुरम व नगला मेवाती में अवैध अतिक्रमण पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जल निकासी, जलापूर्ति और सड़कों की जांच :
वाटरवर्क्स से सिकंदरा तक जल निकासी समस्या के समाधान के लिए एनएचएआई, सिंचाई विभाग व नगर निगम की संयुक्त टीम बनाने को कहा गया। हर घर जल योजना में गुणवत्ता की शिकायतों पर जांच के आदेश दिए गए।
गौशालाओं और निराश्रित पशुओं पर सख्ती :
गौ आश्रय स्थलों की स्थिति पर असंतोष जताते हुए सीवीओ का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। सभी गोचर भूमि से कब्जा हटाने और गौशालाओं में सीसीटीवी व बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेंशन और राशन व्यवस्था की समीक्षा :
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 अप्रैल से पेंशन राशि बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है। साथ ही राशन वितरण में गड़बड़ी करने वाले कोटेदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिक्षा, किसान और स्वास्थ्य योजनाओं पर जोर :
आरटीई के तहत गरीब बच्चों के शत-प्रतिशत प्रवेश, आयुष्मान कार्ड अभियान, किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री और गेहूं खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में केंद्रीय मंत्री, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी,विधायकगण डॉ.जीएस धर्मेश जी, श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल जी, श्री छोटेलाल वर्मा जी, श्री भगवान सिंह कुशवाह जी,एमएलसी श्री विजय शिवहरे जी, महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह जी, प्रदेश महामंत्री श्री राम प्रताप चौहान जी,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रशांत पौनिया जी, महानगर अध्यक्ष भाजपा श्री राजकुमार गुप्ता जी, सहित पुलिस कमिश्नर श्री दीपक कुमार, जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी, सीडीओ श्रीमती प्रतिभा सिंह व अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

.jpg)
.jpg)