तीन वर्ष बाद नवांक श्रृंगार में सजे श्रीहरि, 1100 दीपों से हुआ दीपदान



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पुरुषोत्तम मास के प्रथम दिन कमला नगर स्थित इस्कॉन के श्रीजगन्नाथ मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान श्रीहरि का तीन वर्ष बाद नवांक श्रृंगार किया गया। सम्पूर्ण अलंकार से सुसज्जित भगवान की अलौकिक छवि के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। शयन आरती से पूर्व मात्र 15 मिनट के लिए हुए नवांक स्वरूप के दर्शन पाने को श्रद्धालु आतुर नजर आए।

मंदिर में गोपी गीत के संकीर्तन के साथ तुलसी की डंडी पर कपास के 1100 दीपों से दीपदान किया गया। दीपों की दिव्य आभा और भक्ति रस से पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा।

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि भगवान का नवांक श्रृंगार प्रत्येक तीन वर्ष बाद पुरुषोत्तम मास में किया जाता है। प्रतिदिन शयन आरती से पूर्व भगवान का नवांक श्रृंगार होगा, जिसे प्रातः मंगला आरती के बाद उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि मान्यता है कि सम्पूर्ण अलंकार से सुसज्जित भगवान रात्रि में वृन्दावन विहार हेतु प्रस्थान करते हैं।

पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग पुष्पों से फूल बंगला सजाया जाएगा। साथ ही कार्तिक मास की भांति पुरुषोत्तम मास में भी दीपदान का विशेष महत्व बताया गया है।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, संजीव बंसल, राजेश मल्होत्रा, संजय कुकरैजा, सूरज, ओमप्रकाश अग्रवाल, विकास बंसल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नन्दलाल, राजप्रभु, अदिति गौरांगी, देव केशव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।