12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले दम्पत्ति का आगरा में भव्य स्वागत



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। शिव भक्ति में 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल यात्रा पर निकले अहमदाबाद, गुजरात निवासी दम्पत्ति नीलेश राजानी एवं सोनिया राजानी का आगरा आगमन पर राष्ट्रीय सिंधी महासंघ द्वारा भव्य स्वागत किया गया। ग्वालियर रोड पर पुष्प वर्षा कर दोनों श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया, वहीं संध्या काल में जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल भवन पर स्वागत समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान महाकाल, शिव-पार्वती एवं भगवान झूलेलाल के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

राष्ट्रीय सिंधी महासंघ के संरक्षक जितेन्द्र त्रिलोकानी ने बताया कि नीलेश राजानी और सोनिया राजानी भारत के पहले ऐसे दम्पत्ति हैं, जो 12 ज्योतिर्लिंगों की पैदल पदयात्रा कर रहे हैं। यह यात्रा 23 जुलाई को अहमदाबाद, गुजरात से प्रारंभ हुई थी और अब तक दोनों श्रद्धालु 11 राज्यों की कठिन यात्रा पूरी कर चुके हैं। यात्रा के दौरान वे 8 ज्योतिर्लिंगों एवं 5 शक्तिपीठों के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान हर 30 से 50 किलोमीटर के बीच सिंधी समाज के परिवारों द्वारा सेवा एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है। कठिन मौसम, लंबी दूरी और अनेक चुनौतियों के बावजूद दोनों श्रद्धालुओं ने अपने संकल्प और श्रद्धा को सर्वोपरि रखा है। यह आध्यात्मिक यात्रा अभी लगभग पांच माह और चलेगी।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, श्रद्धा और समाज की एकता का जीवंत उदाहरण बन चुकी है। कार्यक्रम का संचालन मनोहर लाल हंस ने किया तथा अध्यक्षता महेश कुमार सोनी ने की।

इस अवसर पर रामचंद्र हंसानी,गिरधारी लाल करमचंदानी, खेमचंद तेजनी, राजकुमार हंसानी, राजू खेमानी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।