501 कलश यात्रा संग श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ,यमुना तट पर सजी आध्यात्मिक छटा



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। यमुना किनारा रोड स्थित ताज व्यू गार्डन फेस-1 में श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को 501 कलशों की भव्य यात्रा के साथ हुआ। गुलाबी वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में भाग लिया।

कलश यात्रा से पूर्व सभी कलशों में श्री मनःकामेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्राचीन कुएं का जल भरा गया। बाबा श्री मनकामेश्वर की पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा मंदिर की परिक्रमा करते हुए कथा स्थल पहुंची। आचार्य सुरेंद्र गौतम के सानिध्य में 11 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन एवं स्थापना संपन्न कराई।

कथा स्थल पर लगभग 200 गज क्षेत्र में विशाल वातानुकूलित पंडाल तैयार किया गया है। प्रवेश द्वार पर कमल दल में विराजित 21 फीट ऊंचे श्रीनाथजी का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल में पहली बार आगरा में एक साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग स्थापित किए गए हैं। मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों की भव्य झांकियां, यमुना महारानी एवं श्रीनाथजी विराजमान हैं।

संध्याकाल में कथा व्यास महंत योगेश पुरी ने 20 फीट ऊंचे मंच से यमुना आरती की। दीपों की अलौकिक रोशनी और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 18 मई से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से बाल संस्कार शिविर भी आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन, रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान होंगे तथा संध्या आरती के बाद प्रसादी वितरित की जाएगी।

दैनिक यजमानों के रूप में अशोक जैन ओसवाल, विजय गुप्ता, मंजू गुप्ता, धन कुमार जैन, संतोष मित्तल, बबीता मित्तल, अश्विनी रावत, गोपाल बंसल, शालिनी बंसल, अंकित अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, सोनू गुप्ता, सीमा गुप्ता, चंद्रप्रकाश बंसल, रजनी बंसल, कमल गुप्ता, शशि गुप्ता, अनूप यादव, राजीव सूरी, सरिता सूरी, विनोद गुप्ता एवं सरोज गुप्ता ने व्यास पूजन किया।

हितार्थ परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलश व्यवस्था की जिम्मेदारी दीप्ति गर्ग, कुमकुम, अनुभा एवं मंजू गुप्ता सहित अन्य महिलाओं ने संभाली।