केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मिला फूड प्रोसेसिंग चैंबर का प्रतिनिधिमंडल,यूपी में फूड पार्क की मांग





आगरा में जून 2026 में होने वाले यूपी फूड एक्सपो का पोस्टर विमोचन, मुख्य अतिथि बनने का आश्वासन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

नई दिल्ली/आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पंचशील भवन, नई दिल्ली स्थित मंत्रालय में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें रखीं।

अध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में सचिव विकास चतुर्वेदी, सिद्धार्थ अग्रवाल, नितिन अग्रवाल (हाथरस), मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल एवं एडमिनिस्ट्रेटर अपारक शर्मा शामिल रहे। इस दौरान संगठन की ओर से केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

यूपी फूड एक्सपो 2026 का पोस्टर विमोचन :

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 14, 15 और 16 जून 2026 को आगरा में आयोजित होने वाले “उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026” के द्वितीय संस्करण के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आश्वासन देते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।

दो मंत्रालयों को एक करने का सुझाव :

प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय और खाद्य सुरक्षा मंत्रालय को एक करने का सुझाव दिया, जिससे नीतियों और क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। इस पर मंत्री ने बताया कि फूड प्रोसेसिंग और फूड सेफ्टी को एक ही मंत्रालय के अंतर्गत लाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

यूपी में फूड पार्क और अनुदान की मांग :

अध्यक्ष राजकुमार भगत ने केंद्र सरकार से उत्तर प्रदेश में फूड पार्कों की स्थापना और नई इकाइयों के लिए विशेष अनुदान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “एक जिला-एक व्यंजन” योजना के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा दे रही है।

मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने प्रदेश की कृषि विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि फूड प्रोसेसिंग और पैकेजिंग के जरिए उत्पादों को बेहतर मूल्य मिल सकता है और निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

योजनाओं में उद्योग की भागीदारी पर जोर :

सचिव विकास चतुर्वेदी ने सुझाव दिया कि मंत्रालय की योजनाओं को अंतिम रूप देने से पहले उद्योग संगठनों से विचार-विमर्श किया जाए,ताकि योजनाएं व्यावहारिक बन सकें और उद्यमियों को सीधा लाभ मिल सके।

केंद्रीय मंत्री का आश्वासन :

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग सेक्टर पूरे देश में तेजी से विकसित हो रहा है और सरकार नई योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन को जल्द ही मंत्रालय की सलाहकार समिति में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

आगरा में फूड पार्क की स्थापना के संबंध में उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत इस दिशा में काम जारी है और आगरा जनपद के लिए एक बड़ी योजना पर विचार किया जाएगा।