हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पर्यावरण संरक्षण,हरियाली और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार प्रातः पालीवाल पार्क में “प्रकृति भ्रमण” कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गायत्री पब्लिक स्कूल की कक्षा 8, 9 एवं 10 के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रकृति भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के वृक्षों,पौधों तथा शहरी पारिस्थितिकी के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। छात्रों ने कई वृक्षों की पहचान की,बीज संकलित किए तथा पर्यावरण के लिए हानिकारक आक्रामक प्रजातियों,विशेष रूप से विलायती बबूल के दुष्प्रभावों के बारे में जाना।
विद्यार्थियों ने पार्क में खिले पीले गुलमोहर की सुंदरता का आनंद लिया। साथ ही अर्जुन, नीम, बकाइन और कृष्ण कदम्ब जैसे महत्वपूर्ण वृक्षों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्हें बताया गया कि नीम और बकाइन जैसे वृक्ष न केवल छाया प्रदान करते हैं, बल्कि वायु शुद्धिकरण और स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कृष्ण कदम्ब वृक्ष को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। इस दौरान उन्हें भारतीय संस्कृति, जैव विविधता और पक्षियों के संरक्षण में देशी वृक्षों के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद् के.सी.जैन एवं डॉ.मुकुल पंड्या ने विभिन्न समूहों का नेतृत्व करते हुए विद्यार्थियों को शहरी हरियाली,पारिस्थितिक संतुलन, वृक्षों के महत्व तथा प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और प्रदूषण के दौर में प्रकृति से जुड़ाव ही स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकता है।
प्रकृति भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साह, जिज्ञासा और संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
रिपोर्ट : असलम सलीमी



