ड्रिल ऑफ डेथ’ और ‘तिलिस्मी चेहरा’ ने बढ़ाई धड़कनें, सूर सदन में रोमांच का धमाका




विज्ञान, कला और मनोरंजन का अद्भुत संगम बना ओपी शर्मा जूनियर का जादू शो

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। ताजनगरी के ऐतिहासिक सूर सदन में इन दिनों जादू की दुनिया के बेताज बादशाह ओपी शर्मा जूनियर अपने हैरतअंगेज कारनामों से शहरवासियों को रोमांचित कर रहे हैं। शुक्रवार को ताज प्रेस क्लब के तत्वावधान में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए आयोजित विशेष मैजिक शो ने दर्शकों को रोमांच और आश्चर्य से भर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सूर सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा और पत्रकार खुद जादू की दुनिया को देखकर दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ बेहद अनोखे अंदाज में हुआ। जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने अपनी कला के जरिए हवा में अचानक फूलों की माला प्रकट कर मुख्य अतिथि मनीष बंसल तथा ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र का स्वागत किया। इसके बाद प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा ओपी शर्मा जूनियर को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए सम्मान पत्र भेंट किया गया।

शो के दौरान प्रस्तुत किए गए ‘ड्रिल ऑफ डेथ’ और ‘तिलिस्मी चेहरा’ जैसे खतरनाक एवं आधुनिक जादुई करतबों ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। करीब 43 हजार से अधिक सफल शो कर चुके ओपी शर्मा जूनियर इस बार आगरा में 250 टन अत्याधुनिक साजो-सामान और 150 सदस्यीय टीम के साथ पहुंचे हैं। अल्ट्रा डिजिटल साउंड और हिप्नोटिक लाइटिंग इफेक्ट्स ने पूरे आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव बना दिया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जादू एक उत्कृष्ट कला है, जिसे विज्ञान और तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शो लोगों को अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्र ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए यह आयोजन यादगार साबित हुआ। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा जूनियर का शो केवल मनोरंजन नहीं बल्कि विज्ञान और कला का अद्भुत संगम है, जो समाज को सकारात्मक संदेश देता है।

इस अवसर पर ओपी शर्मा जूनियर ने भी स्पष्ट किया कि जादू कोई दैवीय शक्ति या चमत्कार नहीं, बल्कि विज्ञान और तकनीकी कौशल पर आधारित कला है। उन्होंने कहा कि लोग इसे चमत्कार मानकर भ्रमित न हों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं। साथ ही उन्होंने सरकार से जादू को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की मांग भी उठाई, ताकि बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित हो सके।

कार्यक्रम के समापन पर दर्शकों में जादूगर के साथ फोटो और सेल्फी लेने का खास उत्साह देखने को मिला। इस दौरान आगरा के प्रसिद्ध जादूगर अखिलेश जायसवाल और जतिन कुमार भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ताज प्रेस क्लब की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा। इस दौरान महासचिव विवेक जैन, उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान, आदर्श नंदन गुप्त, डॉ. सज्जन सागर, धीरज शर्मा, आलोक द्विवेदी, अनिल राणा, जगत नारायण शर्मा, अरुण रावत, मनीष जैन, राजेश शर्मा, राजेश दुबे, जय सिंह वर्मा, फरहान खान, वीरेंद्र इमेल, शीतल सिंह माया, शरद शर्मा, एसपी सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी