हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में संचालित देश के सबसे बड़े गौ आधारित अनुसंधान संस्थानों में शामिल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित दीनदयाल गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र,फरह में 13 मई बुधवार को एक भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नवधा सभागार,गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र,दीनदयाल धाम,फरह,मथुरा में होगा।
इस अवसर पर नव निर्मित नर्सिंग कॉलेज, गर्ल्स हॉस्टल तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य हर्बल पार्क का लोकार्पण किया जाएगा।
समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी भाई साहब की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी।
हर्बल पार्क को प्राकृतिक चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और औषधीय जागरूकता को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। पार्क में औषधीय पौधों का समृद्ध संग्रह, आकर्षक पुष्प वाटिका, विभिन्न फलदार वृक्षों की श्रृंखला, ऑक्सीजन ज़ोन, जल चिकित्सा व्यवस्था एवं सुंदर झरना विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके साथ ही बाँस से निर्मित आकर्षक हट पर्यटकों और आगंतुकों को प्राकृतिक वातावरण का विशेष अनुभव प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। आयोजकों के अनुसार यह केंद्र गौ अनुसंधान, प्राकृतिक चिकित्सा, जैविक जीवनशैली और भारतीय परंपराओं के संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के निवेदक एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद (उ.प्र.) के अध्यक्ष इंजीनियर हरि किशोर तिवारी ने सभी गणमान्य नागरिकों,सामाजिक संगठनों एवं प्रकृति प्रेमियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

