17 से 24 मई तक चलेगा आयोजन, द्वादश ज्योतिर्लिंग और बाल संस्कार शिविर रहेंगे आकर्षण
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा यमुना तट पर भव्य श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ एवं सांस्कृतिक आयोजन का शुभारंभ 17 मई से होगा। शुक्रवार को यमुना किनारा रोड स्थित ताज व्यू गार्डन फेस-1 में कथा स्थल पर आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस दौरान मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 से 24 मई तक आयोजित होने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में प्रतिदिन दो से ढाई हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा व्यास के रूप में श्रीमहंत योगेश पुरी श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। 18 मई से 24 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक कथा आयोजित होगी।
कथा स्थल पर लगभग 200 गज क्षेत्र में वातानुकूलित भव्य कथा मंडप तैयार किया जा रहा है। महाकुंभ की तर्ज पर परिसर में भोजनालय,अतिथि गृह एवं ब्राह्मण कक्ष सहित विभिन्न कुटियाओं की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर थर्माकोल एवं पीओपी से निर्मित द्वादश ज्योतिर्लिंग विशेष आकर्षण होंगे, जिनके पीछे उनके मूल मंदिरों की तर्ज पर गोपुरम बनाए गए हैं। मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों की मूर्तियां भी स्थापित की जा रही हैं।
हरिहर पुरी ने बताया कि कथा के मुख्य यजमान स्वयं श्री मनकामेश्वर बाबा होंगे। प्रतिदिन कथा के पश्चात 20 फीट ऊंचे मंच से यमुना आरती की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य यमुना संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, ब्रज संस्कृति के संवर्धन एवं सनातन परंपराओं के पुनर्जागरण को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर सुधीर यादव ने कहा कि आगरा ब्रज का प्रवेश द्वार है और अग्रवन ब्रज के प्रमुख वनों में शामिल रहा है। इसी विरासत को जीवंत करने के लिए कथा स्थल पर विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आगरा के भक्ति इतिहास, ब्रज संस्कृति, लोकाचार एवं बटेश्वर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की दृश्यात्मक प्रस्तुति दी जाएगी।
17 मई को प्रातः 7 बजे श्री मनःकामेश्वर मठ से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
बाल संस्कार शिविर रहेगा विशेष आकर्षण ;
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर भी लगाया जाएगा। गीता परिवार आगरा मंडल द्वारा बच्चों को श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का अध्ययन एवं जीवन मूल्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण राजीव गुप्ता पार्थ एवं डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में होगा।
शिविर में योग, एक्रेलिक आर्ट, मार्शल आर्ट, गायन, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक नृत्य एवं चित्रकला जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी। बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण, पक्षियों को दाना-पानी देने जैसे संस्कार भी सिखाए जाएंगे। शिविर में लगभग 500 से अधिक बच्चों के सहभाग करने की संभावना है।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर अनिल रावत, सुधीर यादव, अमर गुप्ता, धीरज जैन, गोपाल बंसल, दीपक, अंकित अग्रवाल, पायल माथुर, अनुज शर्मा, लक्ष्मीकांत राजावत, थानेश्वर तिवारी एवं अखिलेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

