छात्रों ने सीखी स्क्रिप्टिंग,डायरेक्शन और कैमरा तकनीक की बारीकियां
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। MAAC में फिल्म मेकिंग पर एक विशेष मास्टर क्लास एवं वर्कशॉप का आयोजन किया गया,जिसमें प्रसिद्ध फिल्म लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने छात्रों को फिल्म निर्माण की बारीकियों से अवगत कराया। निःशुल्क आयोजित इस वर्कशॉप में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया।
वर्कशॉप के दौरान सूरज तिवारी ने स्क्रिप्टिंग से लेकर डायरेक्शन तक अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि “एक अच्छी कहानी सिर्फ लिखी नहीं जाती, उसे महसूस किया जाता है।” उन्होंने छात्रों को बताया कि कैमरे के पीछे की दुनिया को समझना और उसके अनुरूप कहानी को प्रस्तुत करना चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन सही तैयारी और विजन के साथ इसे प्रभावशाली बनाया जा सकता है।
मास्टरक्लास में कहानी की बारीकियां, विजुअल इफेक्ट्स, कैमरा टेक्निक्स, प्रोडक्शन, पोस्ट प्रोडक्शन और फिल्म रिलीज़ की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को फिल्म इंडस्ट्री के वास्तविक अनुभवों और तकनीकी पहलुओं से भी परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में प्रश्नोत्तर का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने फिल्म निर्माण और करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
अंत में MAAC के निदेशक डॉ. प्रशांत ए. सागर ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी एवं डीओपी कमल लोखंडवाला को सम्मानित किया।



