कैस्पर्स होम संस्था के नेतृत्व में पशु प्रेमियों ने उठाई कार्रवाई की मांग
हिन्दूस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। शहर में बढ़ते पशु क्रूरता के मामलों को लेकर पशु प्रेमियों और सामाजिक संस्थाओं में रोष व्याप्त है। बुधवार को कैस्पर्स होम संस्था की चेयरपर्सन विनीता अरोड़ा के नेतृत्व में पशु प्रेमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पुलिस पशु क्रूरता करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है तथा पशुओं के लिए कार्य कर रही संस्थाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर में कई स्थानों पर स्ट्रीट एनिमल्स के साथ क्रूरता की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें खौलता पानी फेंकने जैसी अमानवीय घटनाएं भी शामिल हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। संस्था पदाधिकारियों का आरोप है कि निजी संस्थाओं पर पालतू पशुओं के इलाज का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि कानूनन पालतू पशुओं की देखभाल, टीकाकरण और पंजीकरण की जिम्मेदारी उनके मालिकों की होती है।
प्रतिनिधि मंडल ने थाना एत्माददौला प्रभारी पर बिना निष्पक्ष जांच के आईजीआरएस पर गैरकानूनी रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि एक पालतू कुत्ते को जंग लगी जंजीर से बांधकर रखने, उसका टीकाकरण एवं पंजीकरण न कराने तथा बाद में उसे असुरक्षित अवस्था में छोड़ने जैसे गंभीर मामलों में भी पुलिस ने आरोपी का पक्ष लिया। पशु प्रेमियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम टीम द्वारा परित्यक्त कुत्ते को बचाने के बावजूद पुलिस द्वारा पशु कल्याण संगठनों और एसपीसीए सदस्यों पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि तीन पिल्लों को जिंदा जलाने के मामले में लंबित एफआईआर पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संस्था पदाधिकारियों ने मांग की कि पशु क्रूरता के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
डीसीपी सिटी ने मामले में थाना छत्ता पुलिस को जांच के निर्देश देते हुए उचित कार्रवाई और सहयोग का आश्वासन दिया। पशु प्रेमियों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो शहर के पशु प्रेमी पशुओं के साथ कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विशाल सैनी, विकास अग्रवाल, शांतनु बंसल, अंकित शर्मा एवं सुरेखा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

