हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्री चन्द्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा खतैना रोड,प्रताप नगर स्थित गर्भ संस्कार एवं मैटरनिटी होम में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए नई “नाड़ी परीक्षण सेवा” शुरू की गई है। इस सेवा के तहत आयुर्वेद के सिद्धांतों पर आधारित डिजिटल नाड़ी तरंगणी मशीन के माध्यम से स्वास्थ्य जांच कर आयुर्वेदिक परामर्श एवं योग संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
आधुनिक नाड़ी तरंगणी मशीन एवं सॉफ्टवेयर शहर की “बोलते ग्रन्थ साधना संस्थान” द्वारा दान स्वरूप ट्रस्ट को भेंट किया गया। संस्थान की अध्यक्षा श्रीमती राज अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष एल.के. वाधवा ने ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल एडवोकेट तथा ट्रस्टी डॉ. सुनीता गर्ग को मशीन सौंपी।
ट्रस्ट अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि गर्भ संस्कार केंद्र पर यह स्वास्थ्य परीक्षण सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मात्र 100 रुपये शुल्क पर उपलब्ध रहेगी। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. स्वर्णा सिंह एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जागृति अग्रवाल मरीजों को उचित परामर्श प्रदान करेंगी।
शुभारंभ अवसर पर डॉ. भानू प्रताप तिवारी, राजीव जैन, राकेश गर्ग, सचिन गोयल, नरेन्द्र कुमार अग्रवाल, सीए मुकेश गोयल,रमेश चंद अग्रवाल एवं नंदकिशोर गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

