बजाजा कमेटी के बेड़े में शामिल हुआ 20वां एसी ताबूत,स्व.एस.के.दास एडवोकेट की स्मृति में किया गया दान



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 29 जून। जनसेवा के क्षेत्र में अग्रणी बजाजा कमेटी को सोमवार को एक और एसी ताबूत दान स्वरूप प्राप्त हुआ। यह 20वां एसी ताबूत लाजपत कुंज निवासी स्वर्गीय एस.के. दास एडवोकेट की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा जनसेवार्थ समर्पित किया गया। विद्युत शवदाहगृह, ताजगंज परिसर स्थित बजाजा कमेटी के सत्संग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में दानदाता परिवार ने यह एसी ताबूत कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल को सौंपा।

कमेटी के मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि नए एसी ताबूत के शामिल होने के बाद अब कमेटी के पास कुल 20 एसी ताबूत उपलब्ध हो गए हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को यह सेवा और अधिक सुगमता एवं त्वरित रूप से प्रदान की जा सकेगी।

महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में एसी ताबूतों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हो जाती है। ऐसे में इस नए एसी ताबूत के जुड़ने से सेवा कार्यों को और मजबूती मिलेगी।

कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने एसी ताबूत दान करने वाले परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजसेवा के ऐसे कार्य दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर दानदाता परिवार की ओर से मंजूलता अग्रवाल, अनू गोयल, विनी मित्तल, अंशुल अग्रवाल, अजय अग्रवाल एवं अभय अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं बजाजा कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, प्रशांत गुप्ता, मनोज शर्मा, प्रमोद अग्रवाल, संजीव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।