हनुमान पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर आयोजित

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 21 जून। सेवा भारती ब्रज प्रदेश के तत्वावधान में हनुमान पार्क,ट्रांस यमुना कॉलोनी स्थित योग केंद्र पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों,महिलाओं एवं युवाओं ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

योगाचार्य सुरेश आनंद के निर्देशन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा जीवन संतुलित रहता है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवा भारती के जिला अध्यक्ष आर.पी. सिंह ने योग दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने सभी से नियमित योग करने का आह्वान किया।

हनुमान पाली योग केंद्र के संचालक भगवान भोलेनाथ योग सेवा संस्थान एवं निरंकारी मिशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राज बहादुर, विपुल बंसल, मुकेश अग्रवाल, राजपाल, विद्या बाला, राधा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 350 लोगों ने भाग लिया।