पं.श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव एवं नवरत्न सम्मान समारोह-2026 के पोस्टर का हुआ विमोचन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 25 जून। ताल सरगम अकादमी, आगरा द्वारा केंद्रीय हिंदी संस्थान के सहयोग से पंडित श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव एवं नवरत्न सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 27 जून को सायं 5 बजे अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राष्ट्रीय सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन गुरुवार को दयालबाग स्थित होटल पूनम प्लाज़ा में किया गया।
कार्यक्रम संयोजक एवं अकादमी के निदेशक रविन्द्र सिंह ने बताया कि समारोह का उद्घाटन मेवाड़ यूनिवर्सिटी, चित्तौड़गढ़ की फाइन आर्ट्स, म्यूजियम एवं आर्ट कल्चर की डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह, केंद्रीय हिंदी संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. (डॉ.) हरीशंकर सिंह तथा आकाशवाणी आगरा के निदेशक अनेन्द्र सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर कला, संस्कृति एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को आगरा नवरत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
संस्था के संरक्षक एवं दयालबाग डीम्ड विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रवि भटनागर ने बताया कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ युवा ओडिसी नृत्यांगना नीरवी सिंह द्वारा मंगलाचरण से होगा। उनका निर्देशन नृत्य गुरु अभिषेक निगम करेंगे। युवा शास्त्रीय गायिका महिमा सिन्हा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार धीरेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में दिल्ली से आने वाले कलाकारों का कथक नृत्य दल होगा, जो विविध मनोहारी प्रस्तुतियां देगा। इसके अलावा युवा कथक नृत्यांगनाएं भानुप्रिया और उर्वशी शर्मा भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।
अध्यक्ष नीलम पाल ने बताया कि कार्यक्रम में टी. रविन्द्र तलेगांवकर संवादिनी, रविन्द्र सिंह एवं अनुराग झा तबला, अपराजिता झा तानपुरा, अदनान खान गायन एवं हारमोनियम, मोहम्मद अयूब खान सारंगी तथा बप्पी देव पड़ंत पर संगत देंगे।
महासचिव करण प्रताप ने बताया कि कार्यक्रम में आगरा एवं आसपास के क्षेत्रों के संगीत एवं कला प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः नि:शुल्क रहेगा।
कार्यक्रम की उद्घोषिका श्रुति सिन्हा एवं मीडिया समन्वयक डॉ. महेश चंद्र धाकड़ ने बताया कि ताल सरगम अकादमी पिछले एक दशक से सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कला-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों से आयोजित स्वर-ताल उत्सव अपनी गुणवत्ता और गरिमा के कारण आगरा की प्रमुख सांस्कृतिक गतिविधियों में स्थान बना चुका है। पोस्टर विमोचन समारोह में व्यवस्था प्रमुख हीरा सिंह,कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला आदि उपस्थित रहे।

