हिन्दुस्तान वार्ता । ब्यूरो
आगरा,17 जून। यूपी फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव-2026 के तीसरे दिन बीएन ग्रुप द्वारा आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या आकर्षण का केंद्र रही। सतरंगी रोशनी और भव्य मंच सज्जा के बीच बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बीएन ग्रुप के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने होंगे, जिससे निर्यात को बढ़ावा मिल सके। आगरा क्षेत्र में आलू उत्पादन की क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने उन्नत किस्मों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सीएफपीआईए) के मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने कहा कि बीएन ग्रुप देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों में शामिल है और खाद्य प्रसंस्करण के साथ सोलर सेक्टर में भी तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने फूड एक्सपो के सफल आयोजन में समूह के सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में एएफएमईसी के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, डॉ. रंजना बंसल, डॉ. तरुण सिंघल, अनिल वर्मा, संजीव चतुर्वेदी, राम सकल गुर्जर, गणेश यादव, भुवनेश अग्रवाल, वसंत गुप्ता, राजेश गोयल माना, नितिन गोयल, आशीष गर्ग, विकास चतुर्वेदी एवं सिद्धार्थ अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक संध्या में कपिल शर्मा शो से प्रसिद्ध चिंकी-मिंकी (सुरभि मेहरा और समृद्धि मेहरा) तथा टीवी अभिनेत्री कविता कौशिक ने अपने हास्य अभिनय से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। बॉलीवुड अभिनेत्री पूनम ढिल्लों की उपस्थिति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। उन्होंने अपने फिल्मी अनुभव साझा करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के समापन पर कलाकारों ने बीएन ग्रुप से जुड़े व्यापारियों को सम्मानित किया। अंत में बीएन ग्रुप के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




