स्नान पूर्णिमा 29 जून को, गजानन स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे श्रीजगन्नाथ



पंच नदियों के जल, पंचामृत व 251 कलशों से होगा महाअभिषेक, 15 दिन रहेंगे मंदिर के पट बंद

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) द्वारा 29 जून को स्नान पूर्णिमा (स्नान यात्रा) महोत्सव का भव्य आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलराम एवं बहन सुभद्रा का पंच नदियों के जल, पंचामृत, पंचगव्य तथा फलों के रस से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच महाअभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के उपरांत भगवान गजानन स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे।

मंदिर परिसर में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि सनातन वैष्णव परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी का सैकड़ों कलशों से भव्य अभिषेक कराया जाता है। श्रद्धालुओं को भी इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि 29 जून को प्रातः मंगला आरती एवं राजभोग के उपरांत भगवान जगन्नाथ की शोभायात्रा मृदंग, मंजीरों और हरिनाम संकीर्तन के साथ महाराजा अग्रसेन भवन के लिए प्रस्थान करेगी। वहां षोडशोपचार पूजन के बाद 251 कलशों से महाअभिषेक संपन्न होगा। इसके पश्चात भगवान का गजानन स्वरूप में विशेष श्रृंगार आकर्षक परिधानों एवं पुष्पों से किया जाएगा।

स्नान यात्रा एवं रथयात्रा के संयोजक नितेश अग्रवाल और कान्ता प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि स्नान यात्रा के बाद भगवान जगन्नाथ के विग्रह 15 दिनों तक विश्राम के लिए एकांत में रहेंगे। इस अवधि को "अनवसर" अथवा "अनासार काल" कहा जाता है। इस दौरान मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे, हालांकि नियमित पूजा-अर्चना एवं सेवाएं जारी रहेंगी।

अदिति गौरांगी ने बताया कि अनवसर काल भगवान और भक्त के बीच प्रेम एवं विरह की भावना का प्रतीक है। 15 दिनों के पश्चात भगवान नवयौवन स्वरूप में पुनः दर्शन देंगे, जिसे "नवयौवन दर्शन" कहा जाता है। इसके बाद भव्य रथयात्रा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर विमल फतेहपुरिया, अमित बंसल, सुधीर अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, विकास बंसल, नवीन सिंघल, सुशील अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अतुल कत्याल, अंकित अग्रवाल, हर्ष खटाना, आशीष गोयल, विपिन अग्रवाल, शैलेश बंसल, राजेश उपाध्याय, राजीव मल्होत्रा, संजय कुकरैजा एवं रमेश यादव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।