हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष धर्मेंद्र परमार के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात कर मार्केट में हाल ही में हुई गंभीर मारपीट की घटना, व्यापारियों की सुरक्षा, बढ़ती असामाजिक गतिविधियों तथा व्यापारियों को मिल रही धमकियों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर संजय प्लेस के बड़ी संख्या में व्यापारी भी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और एक स्वर में मार्केट में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई। व्यापारियों ने असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त को हालिया घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। साथ ही कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा व्यापारियों को झूठी एवं फर्जी शिकायतों में फंसाने की धमकियां दिए जाने और इससे उत्पन्न भय एवं असुरक्षा के माहौल से भी अवगत कराया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध झूठी, मनगढ़ंत अथवा दुर्भावनापूर्ण शिकायत को स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा संजय प्लेस मार्केट की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
संजय प्लेस व्यापारी एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा व्यापारियों की सुरक्षा के प्रति सकारात्मक आश्वासन प्रदान किया। एसोसिएशन ने ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल सभी व्यापारी साथियों और सहयोग प्रदान करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
"एकजुट व्यापारी, सुरक्षित व्यापारी" के संकल्प के साथ व्यापारियों ने बाजार में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए जाने की मांग दोहराई।

