हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। संस्कृति यूथ फाउंडेशन द्वारा आगरा नगर निगम के सहयोग से आगामी 14 जून 2026 (रविवार) को प्रातः 6 बजे हाथीघाट, आगरा पर "अर्पण कलश" स्थापना एवं यमुना स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा। संस्था ने कार्यक्रम के कवरेज हेतु मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष दीपक त्यागी ने बताया कि यह पहल धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने का एक अभिनव प्रयास है। कार्यक्रम के अंतर्गत हाथीघाट पर "अर्पण कलश" स्थापित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु विसर्जन के उपरांत फूल-माला, पूजन सामग्री एवं प्रतिमा अवशेषों को सम्मानपूर्वक समर्पित कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि एकत्रित सामग्री को आगरा नगर निगम की मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) में भेजकर वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पुनर्चक्रित किया जाएगा। इससे यमुना नदी में धार्मिक अपशिष्ट के प्रवाह को रोकने में मदद मिलेगी और नदी संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों एवं नागरिकों द्वारा यमुना तट पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अवसर पर आगरा नगर निगम के नगर आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरण प्रेमियों के उपस्थित रहने की संभावना है।
संस्कृति यूथ फाउंडेशन ने शहरवासियों से इस जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
रिपोर्ट : मनोहर लाल चुघ

